बरेली: शराब पीने के बाद दो गुटों में चले लाठी-डंडे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। देर रात किला थाना क्षेत्र में अचानक तनाव फैल गया। लाठी-डंडों से मारपीट होने का शोर मचने लगा। शराब पीकर झगड़ा कर रहे दो युवकों की लड़ाई गुटबाजी में तब्दील हो गई। सूचना पर पहुंची किला पुलिस व पीआरवी कर्मियों ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। मंगलवार दोपहर तक पुलिस ने …

बरेली, अमृत विचार। देर रात किला थाना क्षेत्र में अचानक तनाव फैल गया। लाठी-डंडों से मारपीट होने का शोर मचने लगा। शराब पीकर झगड़ा कर रहे दो युवकों की लड़ाई गुटबाजी में तब्दील हो गई। सूचना पर पहुंची किला पुलिस व पीआरवी कर्मियों ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। मंगलवार दोपहर तक पुलिस ने पंचायत कराकर जहां एक तरफ दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। वहीं दूसरी तरफ मौके से गिरफ्तार तीन लोगों का चालान कर मामला रफा-दफा कर दिया।

किला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात काफी देर तक हंगामा होता रहा। इस दौरान दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे भी चले। पुलिस ने बताया कि दो युवक शराब पीकर आपस में किसी बात पर झगड़ा कर रहे थे। बातों ही बातों में मामला इतना बढ़ गया कि दो युवकों की लड़ाई कब गुटबाजी में तब्दील हो गई पता ही नहीं चला। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों के लोग एकत्र होकर मौके पर जमा हो गए। फिर क्या था, जमकर गाली-गलौज व लाठी-डंडे चलने के साथ ही पथराव भी हुआ।

हंगामे की सूचना पुलिस को मिली तो किला इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों समुदायों के लोगों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के लगभग तीन लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया। लेकिन दोनों पक्षों पर कार्रवाई की जगह समझौता कराने के लिये पंचायत कराने में जुट गई।

अतिसंवेदनशील इलाका है चंदन नगर
किला थाना क्षेत्र का इलाका चंदन नगर काफी संवेदनशील माना जाता है। इस इलाके में अक्सर बड़े विवाद सामने आते रहते हैं। दो पक्षों के लोग बहुसंख्यक होने के चलते इन्हीं के बीच आए दिन ज्यादातर फसाद होते रहते हैं। कुछ दिनों पहले भी इसी इलाके के युवकों ने बड़ी संख्या में मिनी बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर किसी बात को लेकर तोड़फोड़ व मारपीट की थी। इसके चलते सेल्समेन व मैनेजर गंभीर रूप से घायल भी हो गए थे। ऐसी परिस्थितियों को जानते हुए भी पुलिस की लापरवाही भयंकर रूप ले सकती है।

दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया था। हालांकि फायरिंग व पथराव की सूचना नहीं मिली थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों का चालान किया गया है। – आशीष प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी द्वितीय

संबंधित समाचार