मुरादाबाद: गक्खरपुर में डेंगू के दो नये मरीज मिले, अब तक तीन की मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। गक्खरपुर में डेंगू से मौत का सिलसिला जारी है। रविवार को गांव के एक 70 वर्षीय व्यक्ति की शहर में टीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं इस गांव के एक बीस वर्षीय युवक सहित जिले में दो और मरीजों में डेंगू की पुष्टि होने से चिकित्साधिकारियों की चिंता बढ़ …
मुरादाबाद, अमृत विचार। गक्खरपुर में डेंगू से मौत का सिलसिला जारी है। रविवार को गांव के एक 70 वर्षीय व्यक्ति की शहर में टीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं इस गांव के एक बीस वर्षीय युवक सहित जिले में दो और मरीजों में डेंगू की पुष्टि होने से चिकित्साधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।
डिलारी सीएचसी के गक्खरपुर गांव में डेंगू बेकाबू है। लाख दावे के बाद भी गांव में तीन की मौत होने से एहतियाती उपाय कटघरे में है। गांव के रहने वाले एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने टीएमयू में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं एक बीस वर्षीय युवक में डेंगू की पुष्टि एलाइजा जांच में होने से गांव में डेंगू मरीजों की संख्या 49 हो गई।
जिनका इलाज अस्पताल या घर पर चल रहा है। गांव में अभी भी हर घर में बुखार के मरीज हैं जिनमें से अधिकांश में डेंगू के लक्षण बताए जा रहे हैं। इससे गक्खरपुर में लोग डेंगू व बुखार से दहशत में हैं। वहीं दूसरी ओर भोजपुर विकास खंड के जैतपुर गांव निवासी 60 साल के व्यक्ति में भी जांच में डेंगू धनात्मक पाया गया है। बुखार के 121 रोगी भी विभिन्न जगहों पर चिह्नित हुए हैं।
