बरेली: किसानों की हत्या और गिरफ्तारी को लेकर धरना-प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी की घटना के बाद जिले में किसानों के दलों को रोकने के लिए एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल की अगुवाई में टोल प्लाजा पर देर शाम तक तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। एसडीएम व तहसीलदार ने टोल प्लाजा पर जायजा लिया। किसानों के जत्थे पहुंचने से रोकने के …

फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी की घटना के बाद जिले में किसानों के दलों को रोकने के लिए एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल की अगुवाई में टोल प्लाजा पर देर शाम तक तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। एसडीएम व तहसीलदार ने टोल प्लाजा पर जायजा लिया। किसानों के जत्थे पहुंचने से रोकने के लिये नेशनल हाइवे पर मौजूद टोल प्लाजा पर सुबह से शाम तक फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज व शाही की पुलिस फोर्स तैनात रही। तहसीलदार अरविन्द तिवारी व एसडीएम ने जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने टोल की दो लाइन कब्जे में ले रखी थीं। बाकी लाइनों से वाहन गुजर रहे थे। भाकियू नेता अरुण राठी आधा दर्जन कार्यकर्ताओं के साथ टोल पर पहुंचे थे। उन्हें एसपी देहात रामकुमार अग्रवाल ने समझाकर वापस भेज दिया। शाम तक पश्चिमी यूपी से कोई भी भाकियू जत्था टोल पर नहीं पहुंचा। वहीं 3 बजे मीरगंज से बरेली जा रहे पूर्व विधायक सुल्तान बेग को पुलिस फोर्स ने टोल पर रोक लिया। विधायक ने लखीमपुर खीरी जाने की बात से इनकार करने पर उन्हें जाने दिया गया।

तहसील मुख्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के लखीमपुर खीरी जाते समय नजरबंद किए जाने के विरोध में आंवला विधानसभा अध्यक्ष डा. इंद्रपाल यादव, बिथरी विधानसभा के अध्यक्ष जुल्फिकार अली, नगर अध्यक्ष मशकूर खां के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर धरना दिया। किसानों पर चर्चा करते हुए कहा कि हमारे देश का किसान हमारे देश की रीढ़ है। धरना प्रदर्शन 3:30 बजे तक चला। इस दौरान मेहंदी हसन, विजेंद्र सिंह यादव, सैयद आबिद अली, चमन सिंह यादव, डॉक्टर जीराज यादव, बीडी वर्मा मौजूद रहे।

अखिलेश की गिरफ्तारी के विरोध में सड़क पर उतरे सपा नेता
सपा के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद तारिक (लिटिल) व उपाध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया। लखीमपुर खीरी में हुए किसानों की हत्या व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सड़क पर उतर आए। जिला उपाध्यक्ष लिटिल ने कहा आज प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अराजकता का माहौल है। नगर अध्यक्ष नुसरत शेख, विधानसभा अध्यक्ष देवेंद्र यादव, मीडिया प्रभारी राकेश, वीरपाल यादव, जिला सचिव संजीव यादव (दन्नू) मौजूद रहे।

अताउर्रहमान की अगुवाई में सपाईयों का तहसील में धरना
सपा मुखिया अखिलेश यादव को लखीमपुर में पहुंचने से रोकने के विरोध में पूर्व विधायक अताउर्रहमान के नेतृत्व में सपा समर्थकों ने तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया। एसडीएम राजेश चन्द्र को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार के मंत्री अजय मिश्रा व उनके बेटे के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। किसानों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर पुष्पेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, इरशाद अली,फैजुल, अख्तर खान, प्रेमपाल राठौर, भगवान सिंह, मोहम्मद आरिफ एडवोकेट,जमीर प्रधान तथा धनेश सिंह समेत तमाम अन्य सपाई मौजूद रहे।

मांगे पूरी होने के आश्वान के बाद धरना किया समाप्त
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश टिकैत के साथ नवाबगंज से 15 किसान नेता लखीमपुर गए थे। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मृतक किसानों को 45-45 लाख रुपये मुआवजा देने व उनके परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग स्वीकार कर लेने व आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन मिलने के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त कर किसान वापस नवाबगंज आ गए। किसान नेता चंद्रप्रकाश गंगवार ने बताया की उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों की सभी मांगों को मान लिया।

संबंधित समाचार