बरेली: मामूली बात पर सड़क पर बवाल, लगा जाम
बरेली, अमृत विचार। बीसलपुर चौराहे के पास बाइक और स्कूटी आमने सामने आने से बवाल मच गया। एक समुदाय ने दूसरे समुदाय के युवक और उसके साथियों पर अपहरण का आरोप लगाया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दोनों समुदाय के लोगों को समझाने …
बरेली, अमृत विचार। बीसलपुर चौराहे के पास बाइक और स्कूटी आमने सामने आने से बवाल मच गया। एक समुदाय ने दूसरे समुदाय के युवक और उसके साथियों पर अपहरण का आरोप लगाया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दोनों समुदाय के लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन भीड़ जुटती रही। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। जहां पर उनके बीच में समझौता हो गया।
नवादा शेखान के रहने वाले वैभव सिंह ने बताया कि वह करणी सेना के जिलाध्यक्ष हैं। वह शुक्रवार की शाम को बाइक से विश्वविद्यालय से सेटेलाइट की तरफ आ रहे थे। इसी बीच जब वह एक लॉन के पास पहुंचे तो सामने से गलत साइड से स्कूटी सवार आ रहा था। अचानक स्कूटी सामने आने से उनकी बाइक गिरते गिरते बच गई। इस बात को लेकर दोनों लोगों में कहासुनी होते हुए मारपीट हो गई। वैभव सिंह का आरोप है कि स्कूटी को आजम चला रहा था। उसने अपने साथ के युवकों को बुला लिया और उसे स्कूटी पर बैठाकर अपहरण करने का प्रयास करने लगे।
इससे वहां पर हंगामा मच गया। वहीं इसी बीच वैभव के पिता और अन्य साथी वहां पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर धरने पर ही बैठ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों लोगों को समझाने का प्रयास किया और बाद में आजम को थाने भेज दिया। इसके बाद वैभव और उनके साथ भी पुलिस के कहने पर थाने में पहुंचे। वहां दोनों लोगों में बातचीत हुई और समझौता हो गया।
सड़क पर लगा लंबा जाम
सड़क पर धरने पर बैठने और हंगामें से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते देखते वहां पर जाम लग गया। किसी तरह से पुलिस ने मशक्कत कर लोगों को वहां से हटाया। इसके बाद जाम से निजात मिल सकी।
नहीं बुलाया किसी को अकेला था
आजम ने बताया कि उसने किसी को मौके पर नहीं बुलाया वह अकेला ही था। उलटा उसे ही धमकाया गया। पुलिस उसे थाने ले गई थी। वहां पर उसके पिता आ गए और दोनों लोगों ने समझौता कर लिया।
वीडियो बनाया तो की अभद्रता
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब हंगामा करने वालों का वीडियो बनाना शुरू किया तो वैभव के पक्ष में आए लोग इसका विरोध करते हुए हंगामा करने लगे। वह सिपाही से भी अभ्रदता करने लगे।
सिर से निकला खून तो बोला झूठ
पुलिस का कहना है कि मारपीट में आजम के सिर में कड़ा लग गया था। इससे उसके सिर से खून आने लगा। यह देखकर युवक ने अपहरण का शोर मचा दिया। जबकि मौके पर आजम अकेला ही था।
स्कूटी बाइक आमने सामने आने पर विवाद हो गया। इसको लेकर हंगामा हो गया था। किसी तरह के अपहरण का कोई कोई प्रयास नहीं हुआ। थाने में दोनों पक्षों के लोगों में समझौता हो गया। -नीरज मलिक, इंस्पेक्टर बारादरी
