अमरोहा: गरीबों का राशन डकारने में फंसे शिक्षक दंपति
अमरोहा, अमृत विचार। शिक्षक दंपत्ति पात्र गृहस्थियों के राशन कार्डों में धोखाधड़ी से अपने नाम शामिल करवा कर काफी समय से गरीबों का राशन डकार रहे हैं। मामले की शिकायत अधिवक्ता मनु शर्मा ने जिलाधिकारी से की थी। इस पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को जांच के आदेश दिए थे। जांच में आरोप की …
अमरोहा, अमृत विचार। शिक्षक दंपत्ति पात्र गृहस्थियों के राशन कार्डों में धोखाधड़ी से अपने नाम शामिल करवा कर काफी समय से गरीबों का राशन डकार रहे हैं। मामले की शिकायत अधिवक्ता मनु शर्मा ने जिलाधिकारी से की थी। इस पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को जांच के आदेश दिए थे। जांच में आरोप की पुष्टि हो गई है, जिसके बाद डीएम ने बीएसए को आरोपी दंपति पर कार्रवाई करने के लिए आदेशित किया है। बीएसए को पत्र भेज कर जांच करने एवं दोषी पाए जाने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
21 अगस्त को संपूर्ण समाधान दिवस में मोहल्ला कोट निवासी अधिवक्ता मनु शर्मा ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा था। उसमें कहा था कि इस मोहल्ले के ही रहने वाले अर्पित खंडेलवाल पुत्र स्वर्गीय अशोक खंडेलवाल ग्राम पीरगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं तथा उनकी पत्नी वर्षा गुप्ता जूनियर हाई स्कूल, ग्राम पपसरा में सहायक अध्यापक हैं।
अर्पित की मां गीता खंडेलवाल प्राथमिक विद्यालय, ग्राम गुलड़िया से सेवानिवृत्त हैं। आरोप है कि तीनों ने फर्जीवाड़ा कर सरकार से अनुचित लाभ प्राप्त करने के लिए पात्रों का रिश्तेदार बन उनके राशन कार्डों में अपने नाम शामिल करा लिए हैं। ऐसा करके वे अवैध ढंग से दो वर्षों से राशन डकारते आ रहे हैं। इसकी जांच जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी पूरन सिंह चौहान से कराई, जिसमें आरोप की पुष्टि हुई है।
डीएसओ ने जांच आख्या में लिखा है कि मोहल्ला कोट स्थित प्रेमलता उर्फ नीरजा गुप्ता की सस्ता गल्ला की दुकान के राशन कार्ड संख्या 113740190003 कार्ड धारक का नाम कमलेश पत्नी विजय कुमार है। इसमें क्रम संख्या चार पर अर्पित खंडेलवाल ने उनका देवर बन कर इस वर्ष छह माह तक लगातार राशन लिया। कहा है कि इन लोगों ने अपने अंगूठे लगाकर हेराफेरी और जालसाजी से राशन प्राप्त किया है। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने सात अक्टूबर को डीएसओ की रिपोर्ट के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर को शिक्षक दंपति के विरुद्ध समुचित वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षक दंपत्ति द्वारा लिए गए राशन की रिकवरी की कार्रवाई कराने के आदेश दिए गए हैं। अगर समय पर वह रिकवरी नहीं देते हैं तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। चंद्रशेखर शुक्ल, बीएसए
