एटा: पुलिस ने किया नकली तंबाकू बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एटा। जिले के थाना सहावर की पुलिस ने नई बस्ती में छापा मारकर नकली तंबाकू बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली तंबाकू के साथ कच्चा माल बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने तीन कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार हो गए। एसपी रोहन प्रमोद …

एटा। जिले के थाना सहावर की पुलिस ने नई बस्ती में छापा मारकर नकली तंबाकू बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली तंबाकू के साथ कच्चा माल बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने तीन कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार हो गए। एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि कुछ दिन से सूचना मिल रही थी कि सहावर क्षेत्र में वैध कंपनियों के नाम से अवैध तंबाकू तैयार किया जा रहा है।

इस पर अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, सीओ सहावर शैलेंद्र परिहार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने सहावर थाना प्रभारी राजकुमार सिंह के साथ कस्बे की नई बस्ती स्थित सुरेंद्र सिंह के मकान पर छापा मारा। यहां से शंख तंबाकू और 99 तंबाकू के नाम से अवैध फैक्टरी संचालित पाई गईं। काफी मात्रा में तंबाकू का निर्माण किया जा रहा था। फैक्टरी संचालक उज्ज्वल गुप्ता निवासी मोहल्ला मोरी कस्बा सहावर, करन, दीपेंद्र निवासी कंपिल, फतेहगढ़ को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नई बस्ती निवासी विक्रम और मोहल्ला मोरी निवासी विशाल फरार हो गए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि काफी समय से अवैध तंबाकू बना रहे थे। एसपी ने बताया कि शंख नाम से वैध फैक्टरी जनपद फर्रुखाबाद के शमासाबाद में श्रीकृष्ण रस्तोगी की है, जबकि 99 तंबाकू की फैक्टरी शहर कासगंज के नदरई गेट निवासी संजय पल्तानी की है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कच्ची तंबाकू, तंबाकू पैकिंग करने की दो मशीन, 7 बोरा चूना, 38 बोरी रेपर, बोरी सिलने और पैकिंग करने के उपकरण बरामद किए हैं।

संबंधित समाचार