बरेली: एनसीसी के प्रति मुस्लिम बेटियां हुईं जागरूक, सेना में जाने की दिखी उत्सुकता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिवांग पांडेय, बरेली, अमृत विचार। इसे बदलाव ही कहेंगे। मुस्लिम समाज की बेटियां भी अब जागरूक हुई हैं। कॉलेज में प्रवेश लेने के दौरान लड़कियों को खाकी वर्दी में देखकर बड़ी संख्या में मुस्लिम बेटियों के मन में भी एनसीसी में भर्ती होने की उत्सुकता बढ़ी। इसलिए समाज की बंदिशों को तोड़कर उनका दिल भी …

शिवांग पांडेय, बरेली, अमृत विचार। इसे बदलाव ही कहेंगे। मुस्लिम समाज की बेटियां भी अब जागरूक हुई हैं। कॉलेज में प्रवेश लेने के दौरान लड़कियों को खाकी वर्दी में देखकर बड़ी संख्या में मुस्लिम बेटियों के मन में भी एनसीसी में भर्ती होने की उत्सुकता बढ़ी। इसलिए समाज की बंदिशों को तोड़कर उनका दिल भी सैन्य प्रशिक्षण लेने के लिए धड़क उठा है। किसी तरह से परिजनों को समझाया कि अब वे चहारदीवारी में कैद नहीं रहना चाहती हैं। समाज के लिए कुछ करना है। अपने सपनों को उड़ान देनी है।

उनकी इसी सोच को परिवार के लोगों ने भी हिम्मत दी और बेटियों ने एनसीसी ज्वाइन कर ली। इस बार बड़ी संख्या में मुस्लिम बेटियों ने एनसीसी के साथ कदमताल बढ़ायी है। जब आठवीं यूपी बटालियन एनसीसी में प्रशिक्षण ले रहीं मुस्लिम कैडेट्स से बात की तो उन्होंने बताया कि एनसीसी की खाकी वर्दी में आते-जाते देखते हैं तो लोग उन्हें सम्मान देते हैं। एनसीसी भी हमें हर वर्ग के लोगों के बीच भेदभाव भुलाकर देशप्रेम की अलख जगाने के लिए प्रेरित करती है।

बरेली ग्रुप हेडक्वार्टर की 8वीं यूपी गर्ल्स बटालियन में पिछले दो साल में मुस्लिम लड़कियों की हिस्सेदारी 25 गुना की रफ्तार से बढ़ी है। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट बीनम सक्सेना ने बताया कि बरेली कॉलेज की ग‌र्ल्स एनसीसी यूनिट में 285 कैडेट्स हैं। पहले इनमें से जहां एक या दो ही मुस्लिम लड़कियां थीं।

वहीं पिछले दो साल में इनकी कुल संख्या बढ़कर 25 पर पहुंच गई है। बिशप कॉनार्ड कॉलेज में भी इस साल 50 एनसीसी कैडेट्स में करीब 12 मुस्लिम छात्राएं शामिल हुई हैं। पहले यहां भी मुस्लिम बेटियों की संख्या लगभग न के बराबर थी। मुस्लिम बेटियों के अनुसार कॉलेज परिसर हो या फिर सड़क। पहले हर जगह डर लगता था। अब जबसे वर्दी पहनी है, तबो खौफ नहीं लगता है। प्रशिक्षण के दौरान फिजिकल फिटनेस के साथ ही आत्मरक्षा के गुर भी सीखे हैं। लड़कियों का कहना है कि वे भविष्य में सेना, अर्धसैनिक बल या फिर पुलिस में जाकर देश की सेवा करना चाहती हैं।

पहले तो परिवार वालों ने मना किया लेकिन बाद में वर्तमान युग में एनसीसी के महत्व को बताया तो परिजनों ने सहयोग किया। स्नातक की परीक्षा के साथ ही फौज के लिए तैयारी भी कर रही हूं। -निदा फातिमा, एनसीसी कैडेट

भाई की मृत्यु के बाद पिता ने हमेशा रिश्तेदार व पड़ोसियों की बात को नकार कर मेरे लिए सही रास्ते को चुनकर भविष्य मजबूत करने के लिए फैसला लेने की अनुमति दी। मेरे पिता का सहयोग ही मेरे लिए प्रेरणा स्रोत है। -तब्बसुम, एनसीसी कैडेट

एनसीसी में आकर आपसी सौहार्द ने मेरी सोच का दायरा और बढ़ाया है। शिविर के दौरान आत्मरक्षा के साथ पहली बार हथियार चलाने का प्रशिक्षण भी मिला। शिविर के दौरान विभिन्न क्रियाकलापों को देखते हुए मैने फौज में जाने का निर्णय लिया है। -सैय्यदा आमना, एनसीसी कैडेट

संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में प्रथम कैडेट्स को सम्मानित किया
आठवीं यूपी बटालियन एनसीसी में चल रहे संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-92 का मंगलवार को समापन हुआ। शिविर के समापन में बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल राजेश शाह ने पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रतियोगितओं में अव्वल आने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया।

इस दौरान ड्रिल प्रतियोगिता में बरेली कालेज की कृतिका राजपूत को स्वर्ण, दिव्यांशी को रजत व मनु मानवी को कांस्य पदक मिला। फायरिंग प्रतियोगिता में बरेली कालेज की रचना देवी को स्वर्ण, आर्मी स्कूल की नंदिता को रजत व आर्मी स्कूल की खुशबू को कांस्य पदक मिला। मैप रीडिंग प्रतियोगिता में बरेली कालेज की प्रतीक्षा, आर्मी स्कूल की सृष्टि जोशी को रजत व बिशप कॉनार्ड की सृष्टि गुप्ता को कांस्य पदक मिला।

वहीं, हथियार प्रशिक्षण में आर्मी स्कूल की निधि अधिकारी को स्वर्ण, बरेली कालेज की रिया पंत को रजत व केसीएमटी की ज्योति सरोज को कांस्य पदक मिला। टग आफ वॉर प्रतियोगिता में आर्मी स्कूल को स्वर्ण, बरेली कॉलेज की एल्फा कंपनी को रजत व बरेली कॉलेज की बीटा कंपनी को कांस्य पदक मिला।

वहीं, कैंप सीनीयर सार्जेंट मनु मानवी को शिविर का सफल संचालन करने के लिए स्वर्ण पदक मिला है। इस दौरान एडम ऑफिसर मेजर श्वेता सिंह, लेफ्टिनेंट बीनम सक्सेना, कैप्टन जितेंद्र कौर, कल्पना पांडेय, मोनिका शर्मा, केयर टेकर कीर्ति, सूबेदार मेजर गोविंद सिंह समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

संबंधित समाचार