यूपी: आजमगढ़ प्रकरण को लेकर प्रियंका व अखिलेश ने सरकार पर किया वार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव 2022 करीब आ रहा है, विपक्ष के हमले सरकार पर तेज होते जा रहे हैं। खासकर सोशल मीडिया के सहारे कांग्रेस, सपा और बसपा अलग-अलग विषयों पर सरकार पर तंज कस रहे हैं। इसी कड़ी में आजमगढ़ में पीड़ित परिवार के साथ एसपी की अभद्रता को लेकर कांग्रेस और सपा ने …

लखनऊ। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव 2022 करीब आ रहा है, विपक्ष के हमले सरकार पर तेज होते जा रहे हैं। खासकर सोशल मीडिया के सहारे कांग्रेस, सपा और बसपा अलग-अलग विषयों पर सरकार पर तंज कस रहे हैं। इसी कड़ी में आजमगढ़ में पीड़ित परिवार के साथ एसपी की अभद्रता को लेकर कांग्रेस और सपा ने सरकार को कोसा है। बता दें कि आजमगढ़ में बीते दिनों दस साल की एक बच्ची का अर्द्धनग्न शव मिला था। इस मामले में पुलिस ने चार दिन बाद हत्या और रेप की का मुकदमा दर्ज किया था।

वहीं इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आजमगढ़ के पुलिस कप्तान बच्ची के परिजनों के साथ अमानवीय व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। हालांकि एसपी ने इन आरोपों को गलत करार दिया था, लेकिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना के बहाने ट्वीटर पर लिखा कि भाजपा के राज में भेदभाव की जो खाई गहराई है, उसका शिकार दलित बच्चे हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर नकारात्मक राजनीति का आरोप लगाते हुए लिखा कि भाजपा वर्तमान ही नहीं भविष्य भी बर्बाद कर रही है। ये राष्ट्रवादी नहीं राष्ट्रबर्बादी पार्टी है।

उधर, प्रियंका गांधी ने एसपी का वीडियो ट्वीटर पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि क्या इस गरीब परिवार को न्याय का कोई हक नहीं है? मुख्यमंत्री जी आपका प्रशासन न्याय मांगने पर पीट क्यों रहा है? इस घटना को लखीमपुर में हुई हिंसा से जोड़ते हुए उन्होंने आगे लिखा कि मंत्री के बेटे को तो आप वीआईपी ट्रीटमेंट देते हो और जब गरीब एक 10 साल की बच्ची के दुष्कर्म और हत्या की शिकायत लेकर पहुंचते हैं, तो उनको पीटते हो। ये कहां का न्याय है?

संबंधित समाचार