सीतापुर: पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम
सीतापुर। हरगांव इलाके में शनिवार की दोपहर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। गोलियां चलने पर मृतक के साथ मौजूद उसके दो रिश्तेदार बच कर भाग निकले। वारदात को अंजाम देकर हत्यारे बोलेरो से भाग निकले। घटना के वक्त मृतक अपने रिश्तेदार के साथ कहीं काम से …
सीतापुर। हरगांव इलाके में शनिवार की दोपहर पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। गोलियां चलने पर मृतक के साथ मौजूद उसके दो रिश्तेदार बच कर भाग निकले। वारदात को अंजाम देकर हत्यारे बोलेरो से भाग निकले। घटना के वक्त मृतक अपने रिश्तेदार के साथ कहीं काम से जा रहा था। दिनदहाड़े हुई हत्या की इस वारदात से इलाके में दशहत फैल गई। एसपी, सीओ ने खुद मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। पुलिस का कहना है कि केस दर्जकर जल्द ही हत्यारोपियों को पकड़ा जाएगा।
जिले के तालगांव इलाके के कंजा शरीफपुर गांव निवासी 35 साल के हसीब शनिवार को रामकोट इलाके के अपने रिश्तेदार शफीक उर्फ बलट्टर और अनीस के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। यह लोग हरगांव इलाके में लहरपुर मार्ग से ककरहिया व गोड़ापुरवा लिंकरोड पर पहुंचे, तभी एक सूनसान स्थान पर पीछे से बोलेरो सवार कई लोग पहुंच गए। इस बीच बोलेरो सवार लोगों ने बाइक से जा रहे हसीब और उसके रिश्तेदारों को रोक लिया। जिसके बाद हसीब को निशाना बना कर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में हमलावरों ने हसीब को तीन गोलियां मार दीं। गोलियां सिर में लगी थीं, जिससे हसीब की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके दो अन्य साथी जान बचा कर भाग निकले।
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बोलेरो सवार लोग भी भाग निकले। जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल की। इस दौरान वहां वापस पहुंचे मृतक के साथी शफीक उर्फ बलट्टर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। खबर पाकर एसपी आरपी सिंह, सीओ अभिषेक प्रताप अजेय सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। मृतक के रिश्तेदारों का कहना है कि हसीब की गांव के लोगों से पुरानी रंजिश थी। जिसकी वजह से उसकी हत्या की गई है। इस मामले में मृतक के परिजनों ने गांव के तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
