मंजीत हत्याकांड में पिता की तहरीर पर आठ नामजद व एक अज्ञात पर केस दर्ज
अयोध्या। मंजीत यादव हत्याकांड में पुलिस ने उसके पिता की तहरीर पर दो भाई समेत आठ लोगों को नामजद करते हुए एक अज्ञात पर मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। शुक्रवार को मंजीत के पिता कमलेश यादव ने नगर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने दो सगे भाई …
अयोध्या। मंजीत यादव हत्याकांड में पुलिस ने उसके पिता की तहरीर पर दो भाई समेत आठ लोगों को नामजद करते हुए एक अज्ञात पर मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। शुक्रवार को मंजीत के पिता कमलेश यादव ने नगर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने दो सगे भाई अरुणेंद्र प्रताप मिश्रा व अजीत प्रताप मिश्र निवासी परिक्रमा मार्ग हनुमत वाटिका, वासुदेव घाट, संजय कुमार, उपेंद्र सिंह निवासी ग्राम देवगढ़, महाराजगंज अयोध्या, सौरभ कुमार, सौरभ वर्मा, महेश चंद्र वर्मा, दिनेश व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।
यह भी पढ़ें:- अयोध्या: भंडारे में पिस्टल लहराने वाले अपराधी पर केस दर्ज, जानें पूरा मामला
गौरतलब है कि बड़ी देवकाली स्थित कोरखाना नील गोदाम के पास बुधवार देर रात हमलावरों की फायरिंग में मंजीत यादव की मौत हो गई थी। साथ ही उसकी दो बहनें लकी और खुशी घायल हो गई थीं, जिन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया था। पुलिस ने पांच लग्जरी वाहन कब्जे में लिए थे। नगर कोतवाल सुरेश पांडेय का कहना है कि आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। फिलहाल चार से पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घायल बच्चियों से मिले आनंद सेन
मंजीत की बहनों खुशी (14) और लकी (12) का हाल जानने बीकापुर के पूर्व विधायक आनंद सेन यादव लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने दोनों बच्चियों से मुलाकात कर उनके बेहतर इलाज के लिए आर्थिक सहायता भी दी। मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों से वार्ता करते हुए कहा कि इन बच्चियों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
