बरेली: दिवाली तक नहीं मिल पाएगी इलेक्ट्रिक बसों की सौगात
बरेली, अमृत विचार। दीपावली तक शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू नहीं हो सकेगा। अभी तक लखनऊ से बसें नहीं मिल सकी है, किन रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा, यह भी तय नहीं है। हालांकि, चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार है। बिजली विभाग की तरफ से कनेक्शन के लिए लाइन भी खींच दी …
बरेली, अमृत विचार। दीपावली तक शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू नहीं हो सकेगा। अभी तक लखनऊ से बसें नहीं मिल सकी है, किन रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा, यह भी तय नहीं है। हालांकि, चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार है। बिजली विभाग की तरफ से कनेक्शन के लिए लाइन भी खींच दी गई है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारी की जा रही है। जिसको लेकर स्वालेनगर में चार्जिंग प्वाइंट का निर्माण भी पूरा हो चुका है। अधिकारी नवंबर से शहर में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने का दावा कर रहे थे। बताया जा रहा था कि 10 बसें भी पहले चरण में मिल जाएंगी।
बिजली विभाग की तरफ से चार्जिंग स्टेशन को कनेक्शन देने के लिए बिजली की लाइन भी खींच दी गई है मगर अभी तक उसमें कनेक्शन शुरू नहीं हो पाया है। स्वालेनगर चार्जिंग प्वाइंट से रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और डेलापीर होते हुए वापस स्वालेनगर तक तीन रूटों पर बसें संचालित की जाएंगी। स्टॉपेज की सूची तैयार कर मंजूरी के लिए कमेटी को भेजा गया है लेकिन अभी तक बसों के रूट पर भी अंतिम मुहर नहीं लग सकी है।
56 सीटर होगी बस
इलेक्ट्रिक बसों में 56 सवारियां बैठ सकेंगी। इन बसों का स्टॉपेज तय करने की जिम्मेदारी आरएम रोडवेज को सौंपी गई है। वह किराया भी तय करेंगे। वातानुकूलित बसों का संचालन शुरू होने के बाद शहर के अंदर एक जगह से दूसरी जगह जाना सुलभ होगा।
बसों के रूट और किराये को लेकर मंथन जारी
स्मार्ट सिटी के तहत शासन ने बरेली में 25 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की मंजूरी दी है। पिछले दिनों इलेक्ट्रिक बसों के तीन रूट तय किए गए थे। उसकी रिपोर्ट मेयर उमेश गौतम और नगर आयुक्त अभिषेक आनंद को दी गई थी। तीनों रूट को निरस्त कर दिया था लेकिन अभी तक दोबारा से नया रूट और किराया तय नहीं किया है।
बिजली विभाग ने कनेक्शन के लिए लाइन खींच दी है। अब कनेक्शन के लिए कार्यदायी संस्था को आगे की प्रकिया करनी है। हमारी तरफ से कनेक्शन से संबंधित सभी काम पूरे कर दिए गए हैं। -विकास सिंघल, विद्युत अधीक्षण अभियंता शहर
बसों के संचालन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक मुख्यालय से बसें नहीं मिल पाई हैं। चार्जिंग स्टेशन बनकर तैयार हो गया है। बसें मिलने के बाद उन्हें तय रूटों पर उतार दिया जाएगा। -आरके त्रिपाठी, आरएम बरेली रीजन
