बरेली: कबूतरों के विवाद में भाजपा मंडल अध्यक्ष को मारी गोली
बरेली, अमृत विचार। बारादरी के संजय नगर में कबूतरों के पास आतिशबाजी का विरोध करने पर युवकों ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष को गोली मार दी। आरोपियों ने तलवार से भी जानलेवा हमले किए। घायल मंडल अध्यक्ष को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। …
बरेली, अमृत विचार। बारादरी के संजय नगर में कबूतरों के पास आतिशबाजी का विरोध करने पर युवकों ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष को गोली मार दी। आरोपियों ने तलवार से भी जानलेवा हमले किए। घायल मंडल अध्यक्ष को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संजय नगर निवासी शेखर पाल शहर विधानसभा में हर मिलाप मंडल के अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। मंडल उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि शेखर पाल को कबूतर पालने का शौक है।
उन्होंने बताया कि पास के ही कुछ लोग लगातार पटाखे छोड़ते हुए कबूतरों को परेशान कर रहे थे। इसी बात पर दो दिन पहले दोनों पक्षों में विवाद भी हुआ था। जिसे पुलिस ने समझौता कराते हुए रफा-दफा कर दिया था। इसके बाद भी दूसरे पक्ष के लोग शेखर से रंजिश मानने लगे। बताया कि रविवार की शाम शेखर मंदिर गए हुए थे। इसी दौरान वापस आते समय आरोपी पक्ष के लोगों ने घात लगाकर शेखर पर हमला कर दिया और उनकी जमकर पिटाई लगा दी।
विवाद इतने पर ही नहीं रुका और आरोपी पक्ष के लोगों ने शेखर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने शेखर पर तलवार से हमला करते हुए जान से मारने के इरादे से फायरिंग भी कर दी। हालांकि मेडिकल जांच में शेखर के गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन तलवार से शेखर के दाएं हाथ में घाव पाए गए हैं। साथ ही सिर में भी गंभीर चोट आई है। जानलेवा हमले के बाद मंडल उपाध्यक्ष की ओर से बारादरी थाने में तहरीर दी गई है।
विवाद के चलते जानलेवा हमला करने के आरोप में तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। – नीरज मालिक, इंस्पेक्टर, बारादरी
