मुरादाबाद : छजलैट कांड में आजम खां पर दर्ज दोनों मामलों में सुनवाई टली
मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा के कद्दावर नेता व रामपुर के सांसद आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम समेत अन्य सपाइयों पर दर्ज मामले में सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। इस मामले में अब 29 अक्टूबर को सुनवाई होगी। वहीं इसी प्रकरण में आजम खां पर दर्ज फरारी के मामले में 28 अक्टूबर को …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा के कद्दावर नेता व रामपुर के सांसद आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम समेत अन्य सपाइयों पर दर्ज मामले में सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। इस मामले में अब 29 अक्टूबर को सुनवाई होगी। वहीं इसी प्रकरण में आजम खां पर दर्ज फरारी के मामले में 28 अक्टूबर को सुनवाई होगी। बारिश के कारण अधिवक्ताओं के हड़ताल पर होने की वजह से कोर्ट ने सुनवाई टाल दी।
मामला जनवरी वर्ष 2008 का है। सपा के कद्दावर नेता आजम खां अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ कार से बिजनौर की ओर जा रहे थे। छजलैट थाने के सामने पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। कार के शीशे पर काली फिल्म होने के कारण पुलिस कर्मियों ने जब उनको रोका तो विवाद हो गया। बहस होने पर आजम खां छजलैट थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए।
इसकी सूचना मिलते ही मंडल भर के तमाम सपा के पदाधिकारी भी मौके पर आ गए। कई घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया। इस मामले में छजलैट थाने में आजम खां व उनके बेटे समेत तमाम सपाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी।
वहीं इस मामले में लंबे समय तक कोर्ट में पेश न होने के कारण वर्ष 2019 में आजम खां के खिलाफ छजलैट थाने में फरारी का एक अन्य मामल दर्ज किया गया था। सोमवार को दोनों मामलों में एमपी-एमएलए पुनीत गुप्ता की कोर्ट में सुनवाई हुई। आजम खां के अधिवक्ता शहनवाज शिफ्ते के अनुसार बारिश के कारण अधिवक्ता हड़ताल पर रहे, जिस कारण सुनवाई टल गई। अब वर्ष 2008 में दर्ज मामले में 29 व फरारी वाले मामले में 28 अक्टूबर को सुनवाई होगी।
