रामपुर: बाढ़ देखने गए आठ युवक पानी में बहे, एक की मौत
सैदनगर (रामपुर), अमृत विचार। कोसी नदी में आई बाढ़ ग्रामीणों पर आफत बनकर टूटने लगी है। बुधवार दोपहर बढ़े जलस्तर को देखने गए आठ युवक पानी के तेज बहाव में बह गए। आसपास खड़े लोगों ने किसी तरह से सात को बचा लिया। लेकिन एक युवक बहता चला गया। करीब चार घंटे के बाद उसके …
सैदनगर (रामपुर), अमृत विचार। कोसी नदी में आई बाढ़ ग्रामीणों पर आफत बनकर टूटने लगी है। बुधवार दोपहर बढ़े जलस्तर को देखने गए आठ युवक पानी के तेज बहाव में बह गए। आसपास खड़े लोगों ने किसी तरह से सात को बचा लिया। लेकिन एक युवक बहता चला गया। करीब चार घंटे के बाद उसके शव को बाहर निकाला जा सका। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
उत्तराखंड से छोड़ा गया पानी सैदनगर के कई गांव में घुस गया। जिसको देखने के लिए लोग जा रहे हैं।
बुधवार दोपहर को बाढ़ का पानी ढक्का हाजीनगर तक पहुंच गया। गांव का ही संजय अपने सात दोस्तों के साथ वहां पर पहुंच गया। अचानक से बहाव तेज होने के कारण मौके से मिट्टी हट जाने के कारण सभी पानी में गिर गए। आसपास खड़े लोगों ने किसी तरह से सात युवकों को बचा लिया। लेकिन संजय बहता हुआ आगे चला गया। करीब 4 घंटे के बाद गोताखोरों ने उसके शव को बाहर निकाला।
शव को देखकर परिजनों ने रोना पीटना शुरू कर दिया। ढक्का में कोहराम मच गया है। गांव चारों तरफ से पानी में घिरा होने के कारण पुलिस को सूचना नहीं दी जा सकी। बाद में तहसील प्रशासन को अवगत कराया गया है। वहीं दूसरी ओर टांडा में मंगलवार को पानी में बहे छह लोगों में से दो लोग भी कुछ दूरी पर सकुशल बचा लिए गए हैं। चार लोगों को कल ही पानी में से जैसे तैसे डूबते से बचाया गया था।
दूसरे दिन भी नहीं मिला बाढ़ में बहे वृद्ध का शव
मंगलवार को कोसी नदी किनारे लकड़ी पकड़ने गए एक वृद्ध कोसी नदी में डूब गया था। 36 घंटे बीतने के बाद भी वृद्ध के शव का कोई सुराग नहीं लग सका। मंगलवार को कोसी नदी में थोड़ा-थोड़ा कर जलस्तर बढ़ रहा था। कोसी नदी के पानी में पहाड़ों से लकड़ियां व खाने-पीने का सामान बहकर आ रहा था। कोसी नदी में लकड़ियां व खाने-पीने सामान नगर के कुछ युवक पकड़ रहे थे, अन्य युवकों को देखकर नगर के मोहल्ला बहारवाला निवासी नबाव अली 60 वर्षीय भी कोसी नदी से लकड़ियां पकड़ने लगे।
अचानक गहरे पानी में जाने के कारण नबाव अली बह गए थे। नगर के कई गोताखोरों ने उनको बचाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। बुधवार को मुरादाबाद से आए पीएसी के जवानों ने नबाव अली की तलाश में कई घंटे मशक्कत की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
