हरदोई: दबंगों से परेशान चार परिवार, स्थानीय पुलिस नहीं कर रही सुनवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के चतर्खा गांव में दबंगों के खौफ से चार दलित परिवार खौफजदा हैं। उन्होंने अपने-अपने घरों के बाहर घर बिकाऊ है के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। इसके साथ ही कुछ लोगों ने दरवाजों पर कलर के जरिए मकान बेचने की बात लिखी है। मामला आलाधिकारियों के संज्ञान में आते ही …

हरदोई। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के चतर्खा गांव में दबंगों के खौफ से चार दलित परिवार खौफजदा हैं। उन्होंने अपने-अपने घरों के बाहर घर बिकाऊ है के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। इसके साथ ही कुछ लोगों ने दरवाजों पर कलर के जरिए मकान बेचने की बात लिखी है। मामला आलाधिकारियों के संज्ञान में आते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

चतर्खा निवासी रामविलास, उसके भाई कौशल, परिवार के ही पिंटू और संजू ने अपने मकानों के बाहर गांव के दबंगों से त्रस्त होकर मकान बेचने का पोस्टर लगा दिया। पीड़ित रामबिलास के मुताबिक, 14 अक्टूबर को गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने उसे, उसकी पत्नी और पिता को गाली-गलौज कर जानमाल की धमकी देते हुए लाठी-डंडे और सरिया से मारपीट कर घायल कर दिया। रामबिलास का आरोप है कि हमने पुलिस में जाकर शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित आवेश कुमार ने बताया कि  पुलिस के कार्रवाई नहीं करने से दबंगों के हौसले बुलंद हैं। दबंगों ने चारों परिवारवालों को गांव छोड़ देने की धमकी दी है। कहा है कि अगर गांव नहीं छोड़ा तो सभी को जान से मार देंगे। पुलिस से मदद न मिलने के कारण हमने अपने मकान बेचकर पलायन करने का फैसला किया है।

जानकारी आलाधिकारियों को हुई तो तत्काल एक्शन हुआ। एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इसके अलावा ग्रामीणों को गांव नहीं छोड़ने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराए जाने के आदेश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार