पीलीभीत: जानवर को बचाने के लिए नाले में कूदा बुजुर्ग, डूबने से हुई मौत
बिलसंडा, अमृत विचार। चराते वक्त खदनिया नाले में गिरे जानवर को बचाने के लिए नाले में कूद बुजुर्ग की पानी में डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकालकर उसका पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बुजुर्ग की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई …
बिलसंडा, अमृत विचार। चराते वक्त खदनिया नाले में गिरे जानवर को बचाने के लिए नाले में कूद बुजुर्ग की पानी में डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकालकर उसका पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बुजुर्ग की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव मन्निया निवासी 60 वर्षीय रमेश चंद्र बुधवार सुबह नौ बजे जानवर चराने के लिए क्षेत्र के खदनिया खारजा नाले के पास गए थे। वह कुछ दूरी पर रुक गए और जानवर चर रहे थे। तभी वह चरते हुए नाले की तरफ पहुंच गए इसमें एक जानवर नाले में गिर गया। जानवर गिरने के बाद वह मौके पर पहुंचे और जानवर की जान बचाने के चक्कर में बिना कुछ सोचे समझे नाले में कूद गए। लेकिन नाला गहरा होने के कारण वह डूबने लगे।
ग्रामीण को डूबता देख आसपास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़े मगर वह तब तक नाले में डूब गए। सूचना मिलने पर परिवार वाले पहुंचे। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो घंटे बाद किसी तरह से नाले से बुजुर्ग के शव को बाहर निकलवाया। बुजुर्ग का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने जानकारी करने के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि शव को नाले से निकालवाने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।
