विधानसभा चुनाव: घर बैठे मतदान कर सकेंगे दिव्यांग व बुजुर्ग, जानिए कैसे?
लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनाव में दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाता घर बैठे मतदान कर सकेंगे। ऐसे मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनका वोट पोस्टल बैलट के माध्यम से पड़ेगा। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में मतदान बढ़ाने के साथ मतदाताओं की सुविधा के लिए …
लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनाव में दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाता घर बैठे मतदान कर सकेंगे। ऐसे मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनका वोट पोस्टल बैलट के माध्यम से पड़ेगा। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में मतदान बढ़ाने के साथ मतदाताओं की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया है। 80 वर्ष से अधिक आयु वाले बुजुर्गों को यह सुविधा मिलेगी। प्रदेश भर में 80 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 24,19,381 मतदाता हैं। जबकि 8,84,663 दिव्यांग मतदाता हैं।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने इस संबंध में समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। दिव्यांग मतदाताओं की सूचना दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी से लेकर उसका मतदाता सूची से मिलान किया जाए। जिन दिव्यांगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है उनका नाम मतदाता सूची में शत-प्रतिशत दर्ज कराया जाए। इसके अलावा 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों की सूची जिला समाज कल्याण विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय से लिया जाए।
80 वर्ष से अधिक आयु के कुल 59607 मतदाता
राजधानी में 80 वर्ष से अधिक आयु के कुल 59607 मतदाता हैं। इनमें 80 से 89 आयु के 49811, 90 से 99 आयु के 9031 और 100 वर्ष से अधिक आयु के 765 मतदाता हैं। इसके अलावा दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 21727 है। यह जानकारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर ने दी। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों और दिव्यांगों की पहचान के लिए संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सभी बीएलओ को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। समाज कल्याण विभाग, जिला प्रोबेशन कार्यालय और दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय से ऐसे लोगों की सूची ली जा रही है। जिसके बाद इसका मतदाता सूची से मिलान किया जाएगा और जो लोग छूट गए हैं उनका मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाया जाएगा।
