1 नवंबर से प्रत्येक दिन बरेली से मुंबई और बेंगलुरू जाओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली के बाद अब मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट भी 1 नवंबर से रोजाना मिलेगी। यात्रियों के रुझान को देखते हुए इंडिगो ने एक महीने के लिए ट्रायल के तौर पर नया शेड्यूल जारी कर दिया है। फ्लाइट के संचालन के लिए एयरफोर्स से भी मंजूरी मिल गई है। त्योहारी सीजन में …

बरेली, अमृत विचार। दिल्ली के बाद अब मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट भी 1 नवंबर से रोजाना मिलेगी। यात्रियों के रुझान को देखते हुए इंडिगो ने एक महीने के लिए ट्रायल के तौर पर नया शेड्यूल जारी कर दिया है। फ्लाइट के संचालन के लिए एयरफोर्स से भी मंजूरी मिल गई है। त्योहारी सीजन में फायदा मिलने के बाद इंडिगो के अफसर आगे भी इसी शेड्यूल पर फ्लाइट के संचालन की तैयारी में जुटे हुए हैं।

इसी साल 12 अगस्त से मुंबई व 14 अगस्त से बेंगलुरु की फ्लाइट बरेली से शुरू की गई थी, जिसका लाभ बरेली और मंडल के साथ उत्तराखंड के कुमाऊं के लोग भी उठा रहे हैं। वर्तमान में मुंबई के लिए मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को एवं बेंगलुरु के लिए सोमवार, बुधवार और शनिवार को फ्लाइट का संचालन हो रहा है। फ्लाइट में एडवांस बुकिंग का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इस कारण लगातार वेटिंग जा रही है। ऐसे में इंडिगो ने रोजाना फ्लाइट के संचालन का फैसला लिया।

इंडिगो ने 1 नवंबर से मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट को रोजाना कर दिया है। अभी 30 नवंबर तक शेड्यूल आया है। -राजीव कुलश्रेष्ठ, निदेशक एयरपोर्ट

सर्दी के मौसम को देख फ्लाइट के समय में भी बदलाव
इंडिगो ने सर्दी के मौसम को देखते हुए फ्लाइट के समय भी बदलाव कर दिया है। 1 नवंबर से बेंगलुरू से फ्लाइट 11:10 मिनट पर उड़ान भरेगी। दोपहर 2 बजे बरेली पहुंचेगी। अपराह्न 3 बजे बरेली से बेंगलुरू के लिए उड़ान भरेगी। शाम 5:55 बजे फ्लाइट बेंगलुरू पहुंचेगी। वहीं, मुंबई से फ्लाइट 1 नवंबर से 9:50 बजे बरेली के लिए उड़ान भरेगी। 12:15 मिनट पर बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगी। दोपहर 1:15 मिनट पर बरेली से मुंबई के लिए उड़ान भरेगी। अपराह्न 3:45 मिनट पर मुंबई पहुंचेगी।

बरेली-लखनऊ की फ्लाइट का शेड्यूल दिवाली तक हो सकता है जारी
एयरपोर्ट प्रशासन ने लखनऊ की उड़ान की तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दिवाली तक शेड्यूल जारी होगा। संभवत: नवंबर अंत तक विमान सेवा शुरू हो सकती है। इस रूट पर टर्बो मेगा एयरवेज 72 सीटर विमान का संचालन करेगी। इस पर उड्डयन मंत्रालय ने मुहर लगा दी है। शहर के उद्यमी और विभिन्न वर्गों के लोग लगातार लखनऊ के लिए विमान सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। इसको देखते हुए जिला प्रशासन भी नागरिक उड्डयन मंत्रालय में लगातार पत्राचार कर रहा था।

गुरुवार की देर रात नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने टर्बो मेगा एयरवेज को बरेली से लखनऊ की हवाई सेवा शुरू करने की मंजूरी दी। किराये की बात करें तो बरेली से लखनऊ और दिल्ली की दूरी करीब-करीब एक ही है। दिल्ली की हवाई यात्रा का प्रारंभिक किराया लगभग 21 सौ रुपये है। इसके चलते लखनऊ का किराया भी इतना ही होने की उम्मीद जताई जा रही है।

संबंधित समाचार