बरेली: वकील की हत्या के बाद पत्नी व बच्चों को खतरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। वकील की हत्या के बाद से फरार चल रहे हत्यारोपी अब वकील की पत्नी पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। उसके घर से बाहर निकलते ही संदिग्ध उसका पीछा करना शुरू कर देते हैं। उनकी जान पर खतरा मंडरा रहा है। पीड़ित महिला और उसके बच्चे बाहर जाने से डरने लगे …

बरेली, अमृत विचार। वकील की हत्या के बाद से फरार चल रहे हत्यारोपी अब वकील की पत्नी पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। उसके घर से बाहर निकलते ही संदिग्ध उसका पीछा करना शुरू कर देते हैं। उनकी जान पर खतरा मंडरा रहा है। पीड़ित महिला और उसके बच्चे बाहर जाने से डरने लगे हैं। महिला ने इसकी शिकायत एसपी देहात से की है।

बिशारतगंज के अतरछेड़ी गांव निवासी रजनी सिंह ने बताया कि 14 सितंबर की रात उनके पति संजय सिंह कचहरी से लौटकर घर आ रहे थे। बिशारतगंज में उनके भाई सपा नेता मुदित प्रताप सिंह ने साथियों के साथ मिलकर कार से कुचल दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था लेकिन तब से मुख्य आरोपी मुदित और उसका साथी फरार चल रहे हैं।

रजनी ने बताया कि वह जब भी घर से बाहर जाती है तो संदिग्ध लोग उसका पीछा करते हैं। रिश्तेदारों के माध्यम से उस पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित महिला ने शुक्रवार को इसकी शिकायत एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल से की। इसके बाद एसपी देहात ने उन्हें घर से बाहर जाते समय पुलिस को सूचित करने के लिए कहा है। अब वह जब भी बाहर जाएंगी तो पुलिस उनके साथ जाएगी। साथ ही उनके बेटे की परीक्षा दिलवाने के लिए भी एक सिपाही जाएगा।

मुख्य हत्यारोपी हुए भगोड़ा घोषित
अधिवक्ता हत्याकांड में दो मुख्यारोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं उनकी पत्नी रजनी सिंह की ओर से लगातार आरोपियों द्वारा धमकियां दिए जाने की बात कही जा रही है। फरार चल रहे आरोपियों को अब भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। इसके चलते दोनों हत्यारोपियों के खिलाफ भमौरा थाने में एक फरारी रिपोर्ट दर्ज की गई है।

गुस्से में फाड़ दिया शिकायती पत्र
आरोपियों की ओर से मिल रही धमकियों और उनकी गिरफ्तारी न होने से परिजनों व खुद की जान को खतरा जानते हुए अधिवक्ता संजय सिंह की पत्नी लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रही है। शुक्रवार को भी रजनी सिंह अपने बेटे के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची थी। काफी देर तक एसएसपी या अन्य किसी अधिकारी के न मिलने पर मां को परेशान देख गुस्से में आकर अधिवक्ता के बेटे ने अधिकारी को दी जाने वाली तहरीर भी फाड़कर फेंक दी। मां के समझाने पर बच्चे का गुस्सा शांत हुआ। कुछ देर बाद कार्यालय पहुंचे एसपी देहात ने सुनवाई करते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

महिला को परेशान किया जा रहा है। उसे बाहर जाने आने के लिए पुलिस सुरक्षा दी जाएगी। उसके बेटे की परीक्षा है कोई उसे परेशान न करे। इसलिए वह भी पुलिस सुरक्षा में पेपर देने जाएगा। -राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात

संबंधित समाचार