पीलीभीत: करवाचौथ से पहले बाजार में रौनक, महिलाओं ने जमकर की खरीदारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। करवाचौथ पर पति की लंबी आयु के लिए रखे जाने के लिए व्रत से एक दिन पहले महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। करवा चौथ के उत्साह के आगे महंगाई का असर भी छूमंतर हो गया है। व्रत से जुड़े सामान खरीदने के लिए शहर के बाजार में जब सुहागिनें निकलीं तो रास्ते …

पीलीभीत, अमृत विचार। करवाचौथ पर पति की लंबी आयु के लिए रखे जाने के लिए व्रत से एक दिन पहले महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। करवा चौथ के उत्साह के आगे महंगाई का असर भी छूमंतर हो गया है। व्रत से जुड़े सामान खरीदने के लिए शहर के बाजार में जब सुहागिनें निकलीं तो रास्ते कम पड़ गए। हर दुकान पर महिलाओं का बोलबाला दिखा। महिलाओं ने व्रत की पूजा के सामान के अलावा साड़ियां, लहंगा, श्रृंगार का सामान, चूड़ी और सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी की। सराफा बाजार में पतियों ने करवाचौथ से एक दिन पहले पत्नियों को महंगे उपहार दिलाए। महिलाओं के ब्यूटी पार्लरों पर सजने और मेहंदी लगवाने की होड़ भी दिखी।

शहर के मुख्य बाजार स्टेशन रोड, गैस चौराहा, सुनगढ़ी तिराहा, चावला चौराहा, छिपियान चौराहा, चूड़ी वाली गली, जेपी रोड, ड्रमंड गंज चौराहा, चौक बाजार में महिलाओं की दिन भर भीड़ दिखी। महिलाओं ने करवाचौथ से एक दिन पहले अपने लिए साड़ियां, चूड़ी, कंगन के अलावा साज-सज्जा के सामान खरीदे। लहंगा और डिजाइनर साड़ियां पहली पसंद रहीं। इसके अलावा कुछ शौकीन महिलाओं ने बुटीक्स पर भी कपड़े तैयार कराए। कुछ महिलाओं ने करवाचौथ के दिन अपने लिए विशेष ड्रेस डिजाइन कराई। बिसातखाना सोने-चांदी के आभूषण और मिठाइयों की दुकानों पर दिन भर भीड़ रही।

मेहंदी लगाने के वसूले चार गुने रेट
सुहागिनों ने अपने साज- शृंगार के लिए ब्यूटी पार्लरों का रुख किया। बहुत सी महिलाओं ने शृंगार में कोई कमी न रहे, इसके लिए सड़कों के किनारे मेहंदी लगाने वाले कलाकारों से मेहंदी लगवाई। महिलाओं के कारण बाजार में पूरे दिन जाम की स्थिति रही। भारी संख्या में ग्राहकों आने से दुकानदार भी उत्साहित रहे। बाजार में महिलाएं मेहंदी लगाने के लिए घंटों इंतजार करती रही। मेहंदी लगाने वालों ने भी मौके को देख कर रेट बढ़ा दिए है। महिलाओं से एक हाथ पर 250 रुपये से लेकर फुल मेहदी के 15 सौ रुपये तक तक वसूले गए।

ब्यूटी पार्लरों से लिया एप्वाइंटमेंट
अब तक कोरोना की वजह से सूनसान रहने वाले ब्यूटी पार्लर के कारोबार ने करवाचौथ पर रफ्तार पकड़ ली है। करवा चौथ के लिए सुहागिनों को एडवांस बुकिंग करवानी पड़ी। कई ब्यूटी पार्लर की ओर से करवाचौथ स्पेशल ऑफर देकर महिलाओं को श्रृंगार कराया गया। ब्यूटी पार्लर पर एक दिन पहले श्रृंगार करने पर दो से पांच हजार तक के पैकेज दिए गए हैं। इसमें हेयर कटिंग, फेशियल, पेडीक्योर आदि शामिल थे।

फैंसी सूट और साड़ियों ने लुभाया
करवाचौथ पर महिलाओं को रंग बिरंगे फैंसी सूट और साड़ियां खूब पसंद आईं। एक दिन पहले महिलाएं रेडीमेड डिजाइन सूटों की खरीदारी करने के दिन भर एक से दूसरे दुकान की खाक छानती रहीं, ताकि करवाचौथ पर उनका परिधान सबसे स्पेशल लगे।

जलेबी काउंटर पर लगी भीड़
करवाचौथ का व्रत रखने से एक दिन पहले जलेबी और रबड़ी इमरती खाने का क्रेज है। माना जाता है कि जलेबी और रबड़ी इमरती खाने से अगले दिन व्रत रखने पर अधिक प्यास नहीं लगती। इसके चलते बाजार में मिठाई की दुकानों के अलावा सरगी में प्रयोग के लिए जलेबी के काउंटर सजाए गए। उन पर खरीदारी करने वालों की भीड़ लगी रही। जलेबी 150 रुपये से 250 रुपये किलो तक बिक्री की गई। रबड़ी इमरती के रेट ऊपर-नीचे होते रहे।

संबंधित समाचार