अयोध्या: ठंड ने दी दस्तक, सुबह-शाम मौसम में आए बदलाव, एसी-कूलर बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। पहले तीन दिनों तक हुई बेमौसम भारी बारिश और फिर रविवार की सुबह घने कोहरे ने जता दिया है कि ठंड जिले की दहलीज पर आ चुकी है। शहरवासियों ने भी सीजन के पहले दिन पड़े कोहरे को देखकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। घरों में एसी-कूलर अब अमूमन बन्द हो चुका है। …

अयोध्या। पहले तीन दिनों तक हुई बेमौसम भारी बारिश और फिर रविवार की सुबह घने कोहरे ने जता दिया है कि ठंड जिले की दहलीज पर आ चुकी है। शहरवासियों ने भी सीजन के पहले दिन पड़े कोहरे को देखकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। घरों में एसी-कूलर अब अमूमन बन्द हो चुका है। बाजारों में गर्म कपड़ों की मार्केट ने भी जोर पकड़ लिया है। हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि हाल-फिलहाल बारिश का अंदेशा नहीं है पर दीवाली के बाद तक मौसम में काफी बदलाव देखने को मिलेगा।

बीतें दिनों जिले में तीन दिनों तक हुई लगभग 35 एमएम की बारिश के बाद से ही सुबह-शाम वाली हल्की ठंड शुरू हो गई थी। इसके बाद लोगों ने मौसम के बदलते रुख को देखकर एसी व कूलर चलाना बन्द ही कर दिया। रविवार की सुबह हुए कोहरे को देखकर मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों ने भी अपने पांव घर में ही रखे। शहरवासियों ने दोनों टाइम मौसम में आये बदलाव को देखते हुए सतर्कता पूर्वक पूरी बाह के कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।

गर्म कपड़ों की खरीदारी, कोहरे को देख एलईडी लाइट की मांग में तेजी

देवकाली स्थित कपड़ों के व्यवसायी मंगला प्रसाद ने बताया कि मौसम को देखते हुए गर्म कपड़ों को अधिक मंगाया गया है। चूंकि आगे त्योहार और सहालग है इसलिए गर्म कपड़ों की मांग अधिक है। वहीं कंबल की भी मार्केट ने भी जोर पकड़ लिया है।वहीं कोहरे को देखकर लंबा सफर करने वाले लोगों ने अपने वाहनों पर एलईडी लाइट लगवानी शुरू कर दी है। सिविल लाइन्स स्थित एक ऑटो रिपेयर्स के मालिक अतुल ने बताया कि बाइक में एलईडी लाइट लगवाने लोगों के आने का क्रम तेज हो गया है।

पहाड़ों पर बर्फबारी होने से मौसम में बदलाव आया है। फिलहाल आने वाले दिनों में बारिश की गुंजाइश नहीं है। नवंबर के पहले सप्ताह से मौसम में और बदलाव आएगा…– सीताराम, विभागाध्यक्ष, आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय, मौसम विभाग।

संबंधित समाचार