रायबरेली: गरीबों को नहीं मिल रहा पीएम आवास का लाभ, जानें वजह
रायबरेली। गरीबों को मिलने वाले प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ गरीबों को नहीं मिल पा रहा है। सूची में नाम होने के बावजूद दूसरे लाभार्थियों को इसका लाभ मिल रहा है। हाल यह है कि चयनित लाभार्थियों के खाते में कोई भुगतान नहीं भेजा गया है। विकासखंड छतोह क्षेत्र के ग्राम सभा तारापुर की निवासी …
रायबरेली। गरीबों को मिलने वाले प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ गरीबों को नहीं मिल पा रहा है। सूची में नाम होने के बावजूद दूसरे लाभार्थियों को इसका लाभ मिल रहा है। हाल यह है कि चयनित लाभार्थियों के खाते में कोई भुगतान नहीं भेजा गया है। विकासखंड छतोह क्षेत्र के ग्राम सभा तारापुर की निवासी सायरा बानो का मामला इसी की बानगी है। सायरा को वित्तीय वर्ष 2020-21 में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास आवंटन हुआ।
विभागीय लापरवाही के कारण लाभार्थी के गांव की नूरजहां के खाता में 21 दिसंबर 2020 को पहली किस्त भेज दी गई। वहीं, लाभार्थी भुगतान आने का इंतजार करती रही। अधिकारियों ने जल्द रिकवरी कराकर खाते में धन भेजने की बात कहकर लौटा दिया। कुछ दिनों बाद ही दूसरी किस्त 70 हजार रुपये चार जून 2021 को नूरजहां के खाते में भेज दी गई। करीब 10 महीने बीतने को हैं, अब तक विभाग की ओर से चयनित लाभार्थी के खाते में कोई भी भुगतान नहीं भेजा गया। न ही धन की रिकवरी कराई गई।
बताते हैं कि ग्राम विकास अधिकारी सचिन कुमार ने नूरजहां को 20 सितंबर को नोटिस जारी किया था। इसमें 10 दिन में योजना के तहत खाते में भेजे गए एक लाख 10 हजार रुपये लाभार्थी के खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए। नोटिस की समय सीमा समाप्त हो चुकी है। अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी सचिन कुमार का कहना है कि गलत फीडिग की वजह से लाभार्थी के बजाय दूसरे के खाते में किस्त की धनराशि गई है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
