बरेली: दिवाली मेले के लिए तलाशे जा रहे फड़ दुकानदार
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम और जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के सहयोग से 28 अक्टूबर से लगने वाले तीन दिवसीय मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में स्टॉल लगाने के लिए फुटपाथ विक्रेताओं को पहले प्राथमिकता दी गई। इनमें से जब कोई सामने नहीं आया तो नगर निगम ने बड़े दुकानदारों …
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम और जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के सहयोग से 28 अक्टूबर से लगने वाले तीन दिवसीय मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में स्टॉल लगाने के लिए फुटपाथ विक्रेताओं को पहले प्राथमिकता दी गई। इनमें से जब कोई सामने नहीं आया तो नगर निगम ने बड़े दुकानदारों से स्टॉल लगाने का जोर दिया। फुटपाथ विक्रेताओं का कहना है कि दिवाली का सीजन है, मेले में इतनी खरीदारी नहीं होगी जितनी सड़क पर फड़ लगाने से हो जाएगी।
शासन के निर्देश के बाद बरेली क्लब मैदान पर दीपावली मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में स्टॉल लगाने के लिए पथ विक्रेताओं को बुलाया गया। डूडा में 10 हजार से ज्यादा पथ विक्रेताओं की सूची है लेकिन अधिकांश पथ विक्रेता स्टॉल लगाने को तैयार ही नहीं हुए। डूडा की सारी कोशिश नाकाम हुई तो नगर निगम के अधिकारियों ने पथ विक्रेताओं के साथ बड़े दुकानदारों के स्टॉल लगाने की तैयारी कर ली लेकिन इसके बावजूद रविवार तक सिर्फ 35 लोगों का ही पंजीकरण हुआ, जबकि बरेली क्लब मैदान में सवा सौ से ज्यादा स्टॉल लगाने की जगह है। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि दीवाली मेला लगाने की सारी तैयारी कर ली हैं।
निशुल्क स्टॉल लगाए जा रहे हैं। कई दुकानदारों से संपर्क कर उनके स्टॉल लगाने का काम किया जा रहा है। इस मेले को लगाने के लिए नगर निगम, डूडा के स्वंय सहायता समूह, डीआरडीए, संस्कृति, एमएसएमई, ओडीओपी, सूचना एवं जनसंर्क इत्यादि विभागों के सहयोग से विभिन्न प्रकार के स्टाल लगाए जाने हैं। मेले में शहर के प्रतिष्ठित दुकानदारों के साथ ही साथ रेहड़ी-पटरी पर सामान बेचने वाले एवं घरेलू उपयोग की वस्तुएं बेचने वाले स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा अपने उत्कृष्ट सामानों के साथ प्रतिभाग किया जायेगा। मेले में विभिन्न प्रकार के खाने-पीने के लगभग 20 स्टाल लगाए जाएंगे। मेले में बच्चों के लिए खास तौर से झूले एवं अन्य मनोरंजन के साधन भी रहेंगे।
