सीतापुर: विवाहिता को प्रेमी ने बुलाकर उतारा मौत के घाट, इलाके में सनसनी
सीतापुर। मायके आई एक विवाहिता की मंगलवार की सुबह उसके प्रेमी ने ही मुलाकात के दौरान गला घोंट कर हत्या कर दी और उसकी लाश गन्ने के खेत में छोड़ कर भाग निकला। जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। विहिप कार्यकर्ताओं ने भी पहुंचकर …
सीतापुर। मायके आई एक विवाहिता की मंगलवार की सुबह उसके प्रेमी ने ही मुलाकात के दौरान गला घोंट कर हत्या कर दी और उसकी लाश गन्ने के खेत में छोड़ कर भाग निकला। जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। विहिप कार्यकर्ताओं ने भी पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी घटना स्वीकार कर ली है। जांच के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के कोड़री मजरे बाबूपुर गांव निवासी देशराज ने बताया कि उसने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अपनी चौबीस वर्षीय बेटी फूलमती की शादी मानपुर इलाके के दुल्लापुर गांव निवासी सरवन के साथ की थी। शादी के बाद पहले करवा चौथ त्योहार के मौके पर फूलमती अपने पिता के घर आई थी। मंगलवार की सुबह फूलमती शौच के लिए गई थी। काफी देर तक वह वापस नहीं आई तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद फूलमती की लाश गांव के पूरब काशीराम के गन्ने के खेत में पड़ी मिली। दुपट्टे से गला कस कर उसकी हत्या की गई थी।

फूलमती के गले में उसका दुपट्टा कसा हुआ था। यह देखकर परिवार वाले चीखने चिल्लाने लगे। गांव में कोहराम मच गया। खबर सुनते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। खबर पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घटना को लेकर मृतका की बहन ने रामपुर कलां इलाके के तेंदुआ गांव निवासी महफूज पुत्र फारूख को नामजद करते हुए तहरीर दी है। पहले गांव व घर के लोग दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे थे, लेकिन बाद में इसका जिक्र बंद कर दिया और तहरीर में सिर्फ हत्या का जिक्र किया है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। बताते हैं कि मृतका मायके आई थी। वह ससुराल जाना नहीं चाहती थी। आरोपी व मृतका की मुलकात हुई। वहीं दोनों में विवाद हुआ। जिसके बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
जानकारी होने पर विहिप के कार्यकर्ता भी मौके पर जा पहुंचे और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे। इस बीच परिजनों ने भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से मना कर दिया। मामले की गंभीरता देखते हुए एसपी आरपी सिंह, एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ रविशंकर प्रसाद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ग्रामीणों और विहिप कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों के आक्रोश को शांत कर पाई और करीब तीन घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामें के बाद युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इस संबंध में कोतवाल मुकुल वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
क्या बोले, एएसपी
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एनपी सिंह ने हत्या की इस घटना को लेकर बताया कि मृतका व आरोपी का गांव पड़ोस में ही है। दोनों की खेती भी पास-पास है। जिसके चलते मृतका व आरोपी के बीच काफी समय से संबंध थे। मृतका की शादी हो गई थी। इस दौरान वह मायके में ही थी। मायके वाले करवा चौथ के बाद उसे ससुराल भेजने की बात कह रहे थे, लेकिन फूलमती वहां जाना नहीं चाहती थी। इस बीच आरोपी व फूलमती की मुलाकात हुई। जहां फूलमती साथ जाने की बात कहने लगी। इसबात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। जिसके बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। एएसपी का कहना है कि आरोपी घटना अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है।
