बरेली: किसान एक्सप्रेस से उतरते समय यात्री के कटे दोनों पैर, लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली में बिलपुर सेक्शन के हुलासनगरा क्रासिंग पर चलती ट्रेन से उतरते वक्त एक यात्री के दोनों पैर कट गए। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने खून से लथपथ यात्री को एंबुलेंस से शाहजहांपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जहां यात्री के पैरों का अपरेशन किया जा रहा …

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली में बिलपुर सेक्शन के हुलासनगरा क्रासिंग पर चलती ट्रेन से उतरते वक्त एक यात्री के दोनों पैर कट गए। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने खून से लथपथ यात्री को एंबुलेंस से शाहजहांपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जहां यात्री के पैरों का अपरेशन किया जा रहा है। फिलहाल यात्री की हालत में पहले से सुधार बताया जा रहा है।

किसान एक्सप्रेस में परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे रामबाबू
दरअसल, मूल रूप से फतेहगंज पूर्वी के रहने वाले रामबाबू किसान एक्सप्रेस से परिवार के साथ बुधवार की रात लखनऊ से अपने घर आ रहे थे। हुलासनगरा क्रासिंग पर जब ट्रेन रुकी तो रामबाबू और उसके परिवार ने उतरने की कोशिश की। परिवार सभी सदस्य उतर गए। जब रामबाबू उतरने चले तो ट्रेन चल पड़ी। जिसकी वजह से उनके दोनों पैर ट्रेन के पहियों के नीचे आ गए और दोनों कट गए। काफी देर तक रामबाबू वहीं छटपटाते रहे। उनकी पत्नी व परिवार के अन्य लोग रोते बिलखते रहे।

रेलवे कर्मचारियों ने दी कंट्रोल को सूचना, तो आई एंबुलेंस
बताया जा रहा है कि ट्रेन गुजरने के बाद भी काफी देर तक मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने कंट्रोल रुम को सूचना दी तब मौके पर एंबुलेंस पहुंची। इसके बाद आरपीएफ ने यात्री रामबाबू को शाहजहांपुर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। इस मामले में आरपीएफ इंस्पेक्टर वीके शिशौदिया का कहना है कि यात्री किसान एक्सप्रेस से उतरते समय गिरा। जिससे उसके दोनों पैर कट गए। फिलहाल उसे शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

संबंधित समाचार