मुरादाबाद : कर्तव्य पथ पर कदमताल करते हुए बढ़े 72 डिप्टी एसपी
मुरादाबाद, अमृत विचार। एक साल से अधिक समय का कठिन प्रशिक्षण हासिल करने के बाद 72 डिप्टी एसपी यूपी पुलिस का अभिन्न अंग बन गए। पासिंग आउट परेड के दौरान सभी ने कर्तव्य पथ पर कदमताल करते हुए अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली। पासिंग आउट परेड के बाद उनके चेहरे पर डिप्टी एसपी बनने …
मुरादाबाद, अमृत विचार। एक साल से अधिक समय का कठिन प्रशिक्षण हासिल करने के बाद 72 डिप्टी एसपी यूपी पुलिस का अभिन्न अंग बन गए। पासिंग आउट परेड के दौरान सभी ने कर्तव्य पथ पर कदमताल करते हुए अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली। पासिंग आउट परेड के बाद उनके चेहरे पर डिप्टी एसपी बनने की खुशी साफ झलक रही थी। अपनों के साथ खुशी बांटने के साथ ही एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। इस दौरान इस खूबसूरत पल को यादगार बनान के लिए सभी ने एक-दूसरे के साथ जमकर सेल्फी खींची।
प्रशिक्षण के दौरान हर पहलू पर रहा जोर
मुरादाबाद। डिप्टी एसपी के एक साल के प्रशिक्षण में इनडोर व आउटडोर विषयों की गंभीरता से पढ़ाई कराई गई। इंडोर प्रशिक्षण में आधुनिक भारत में पुलिस, पुलिस संगठन व प्रशासन, भारतीय दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, विवेचना, थाना प्रबंधन, अपराध शास्त्र, कंप्यूटर प्रशिक्षण, विधि विज्ञान समेत 20 विषयों की जानकारी दी गई। जबकि वाह्य विषयों में शारीरिक प्रशिक्षण, पदाति प्रशिक्षण, शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, यूएसी, योगासन, विस्फोटकों का ज्ञान, ड्राइविंग, तैराकी व घुड़सवारी सिखाई गई। प्रशिक्षण में सभी 72 डिप्टी एसपी पास आउट हुए।
सीएम के आगमन को लेकर थी उत्सुकता
वर्ष 2020 में हुई डिप्टी एसपी की पासिंग आउट परेड में सीएम योगी आदित्यनाथ के आने का कार्यक्रम तय हुआ था। स्थानीय स्तर पर इसकी तैयारियां भी कर ली गई थी। लेकिन ऐन वक्त पर उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया था। इसके बाद डीजी पीटीसी ने पासिंग आउट परेड में सलामी ली थी। हालांकि उस वक्त सीएम ने वीसी के जरिए पास होने वाले प्रशिक्षुओं से वार्ता करने के साथ ही उनको टिप्स भी दिए थे।
इस वर्ष फिर पासिंग आउट परेड में सीएम के आने की संभावना बढ़ी तो स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज हो गई थी। वहीं परेड में शामिल होने वाले प्रशिक्षुओं की भी उत्सुकता बढ़ गई थी। करीब सवा दस बजे जैसे ही सीएम योगी आदित्यनाथ के आने के बाद पासिंग आउट परेड शुरू हुई तो एक गजब का उत्साह देखने को मिला। जहां पर पास हुए डिप्टी एसपी कदम-ताल करते हुए अपने कर्तव्य पथ की ओर बढ़ रहे थे वहीं दर्शक दीर्घा में बैठे लोग भी तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ा रहे थे।
