संभल: एंबुलेंस के इंतजार में तड़पते रहे घायल, एक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कैलादेवी, अमृत विचार। संभल-गवां मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। एंबुलेंस को फोन किया गया, साथ ही 112 नंबर पर भी कॉल की गई । लेकिन, आधा घंटे तक न एंबुलेंस पहुंची, न ही पुलिस। बाद में डायल 112 …

कैलादेवी, अमृत विचार। संभल-गवां मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। एंबुलेंस को फोन किया गया, साथ ही 112 नंबर पर भी कॉल की गई । लेकिन, आधा घंटे तक न एंबुलेंस पहुंची, न ही पुलिस। बाद में डायल 112 का वाहन पहुंचा। लेकिन, तब तक उनमें से एक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दूसरे घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसका उपचार किया जा रहा है।

दुर्घटना कैला देवी थाना क्षेत्र में रझेड़ा गांव के समीप हुई। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव पवांसा निवासी ओमप्रकाश (56) पुत्र बुद्धी सिंह स्वास्थ्य विभाग में आउट सोर्स से तैनात कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। वह गांव-गांव जाकर एएनएम को वैक्सीन पहुंचाते थे। सोमवार को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे वह वैक्सीन लेकर फरीदपुर कलां मिलक गांव से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह कैलादेवी थाना क्षेत्र के संभल-गवां मार्ग पर गांव रझेड़ा के निकट पहुंचे तो मोड़ पर अचानक उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर गांव सौंधन निवासी राजू पुत्र मोहर सिंह सवार था।

हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक सवार बाइकों के टकराने के बाद उछल कर दूर जा गिरे। वे लहूलुहान होकर सड़क पर तड़प रहे थे। उधर से आने-जाने वालों की भीड़ वहां पर लगने लगी। इस बीच किसी ने एंबुलेंस को फोन करने के साथ ही डायल 112 को भी कॉल कर दी। लेकिन, आरोप है कि न तो एंबुलेंस आधा घंटा तक वहां पहुंची, न ही पुलिस। ऐसे में घायल स्वास्थ्यकर्मी ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल राजू को अस्पताल में भर्ती कराया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

स्वास्थ्यकर्मी के लिए ही नहीं पहुंची स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस
स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस के विलंब से पहुंचने के समाचार आए दिन सामने आते रहते हैं। सोमवार को भी ऐसा ही हादसा सामने आए। इस बार दुर्घटना में घायल हुए स्वास्थ्यकर्मी के लिए ही विभाग की एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच पाई। इसके चलते उपचार के अभाव में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस और विभाग की इस लापरवाही को लेकर दुर्घटनास्थल पर उपस्थित लोगों में आक्रोश दिखाई दिया। लोगों का कहना था कि यदि एंबुलेंस या पुलिस समय पर पहुंच जाती तो संभवत: ओमप्रकाश की जान बच सकती थी।

दो बाइक आपस में टकरा गई थीं। दो लोग घायल हुए थे, उनमें से एक युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। —संदीप कुमार, थाना प्रभारी

संबंधित समाचार