बरेली: इज्जतनगर से बंटी-बबली को पकड़ ले गई इंदौर पुलिस
बरेली, अमृत विचार। रील की तरह रियल लाइफ में भी बंटी और बबली फिर से सक्रिय हो गए हैं। अचार बेचने के नाम पर दंपति ने कई लोगों को झांसे में लेकर लाखों की ठगी कर ली। ठग दंपत्ति ने इंदौर की महिला को भी अपने जाल में फंसाकर उससे सात लाख रुपये की ठगी …
बरेली, अमृत विचार। रील की तरह रियल लाइफ में भी बंटी और बबली फिर से सक्रिय हो गए हैं। अचार बेचने के नाम पर दंपति ने कई लोगों को झांसे में लेकर लाखों की ठगी कर ली। ठग दंपत्ति ने इंदौर की महिला को भी अपने जाल में फंसाकर उससे सात लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस उन्हें इज्जतनगर से पकड़कर अपने साथ ले गई।
माधोबाड़ी की रहने वाली भाजपा नेता कंचन ने बताया कि उनके पति के दोस्त इंदौर में रहते हैं। उनकी पत्नी अंजली इंटरप्राईजेंस के नाम से वहां एक फर्म चलाती हैं। उनका नाम बिनी यादव है। कुछ समय पहले उनको एक युवक ने फोन करके बताया कि अचार की सप्लाई का काम करता है। उसकी बातों में आकर बिनी ने उन्हें सात लाख रुपये भेज दिए लेकिन न तो उन्हें कोई डिलीवरी मिली न ही उनके पैसे वापस हुए। पूछताछ में पता चला की वह बरेली का रहने वाला है।
पीड़ित की शिकायत पर इंदौर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके बाद बिनी ने कंचन से मदद मांगी तो कंचन ने ठग और उसकी पत्नी को सोमवार की रात इज्जतनगर इलाके से पकड़वा दिया। पकड़े गए युवक का नाम सुनील पाल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कई और लोगों से ठगी की है।
इसके बाद इंदौर पुलिस आरोपियों को अपने साथ ले गई। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि आरोपियों पर इंदौर में मामला दर्ज था। वहां की पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर इंदौर ले गई है।
