बरेली: रामलीला मैदान में मृत पशुओं के अवशेष फेंकने का विरोध
बरेली, अमृत विचार। त्योहारों पर नगर निगम ने सफाई व्यवस्था के दावे तो बहुत किये लेकिन सड़कें गंदगी और कीचड़ से भरी रहीं। शहर के कुछ इलाकों को छोड़ दिया जाए तो सभी जगह गंदगी रही। नगर निगम के स्वच्छता अभियान को पलीता लगाने में शहरवासी भी पीछे नहीं रहे। पटाखे फोड़े जाने से सड़कों …
बरेली, अमृत विचार। त्योहारों पर नगर निगम ने सफाई व्यवस्था के दावे तो बहुत किये लेकिन सड़कें गंदगी और कीचड़ से भरी रहीं। शहर के कुछ इलाकों को छोड़ दिया जाए तो सभी जगह गंदगी रही। नगर निगम के स्वच्छता अभियान को पलीता लगाने में शहरवासी भी पीछे नहीं रहे। पटाखे फोड़े जाने से सड़कों पर कचरा फैल गया। वहीं अलखनाथ मंदिर रोड पर कीचड़ से लोग गुजरे। वहीं पास के रामलीला मैदान में मृत पशुओं के अवशेष डालने का लोगों ने विरोध किया।
स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर पब्लिक से फीडबैक लिया जा रहा है। नगर निगम प्रशासन शहर में स्वच्छता अभियान के साथ स्वच्छता जागरूकता अभियान भी चला रहा है लेकिन, त्योहारों पर कचरे से पटी सड़कों और सड़क किनारे लगे कचरे के ढेर ने जागरूकता अभियान की पोल खोल दी। लोगों में न स्वच्छता के प्रति जागरूकता आई और न उनमें निगम की कार्रवाई का डर है। रामलीला मैदान में दीपावली पर मृत पशुओं के अवशेष डालने पर लोग भड़क गए।
लालबहादुर गंगवार, हरिओम गौतम, रामपाल गंगवार, आरपी सिंह, आरके शर्मा आदि का कहना है कि रानी महालक्ष्मी बाई रामलीला मैदान से गुप्ता नर्सरी की तरफ सटे कच्चे रास्ते पर असामाजिक तत्वों ने मृत जानवरों के अवशेष डाल दिये, जिससे क्षेत्र में चारों तरफ दुर्गंध फैल गई। गोवर्धन पूजा पर बड़ा बाग में उमड़े भक्तों को परेशानी हुई। यहीं से बड़े बाग हनुमान मंदिर जाने का रास्ता है और सरस्वती विद्या मंदिर भी है। लोगों का यह भी कहना था कि अमृत मिशन के तहत इस मैदान का सौंदर्यीकरण होना था, जिसमें ऑडोटोरियम व टॉयलेट ब्लाक का काम रोक दिया गया है।
पम्मी खां, टीटू आदि ने बताया कि अलखनाथ मंदिर रोड पर कीचड़ होने से लोग परेशान हैं। इस संबंध में नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को साफ सफाई करने के लिए कहा गया है। रामलीला मैदान में मृत पशुओं के अवशेष फैंकने की सूचना नहीं मिली है। टीम को वहां भेजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
