आरक्षण का वादा पूरा करने पर भाजपा के साथ मिलकर लड़ेंगे चुनाव: संजय कुमार निषाद
प्रयागराज। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार निषाद ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी आरक्षण का अपना वादा पूरा करती है तो पार्टी उनके साथ मिलकर 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। संजय कुमार ने रविवार को सर्किट हाउस में संवाददाताओं से कहा कि आज निषाद समाज जागरुक हो चुका है और वह जान …
प्रयागराज। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार निषाद ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी आरक्षण का अपना वादा पूरा करती है तो पार्टी उनके साथ मिलकर 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। संजय कुमार ने रविवार को सर्किट हाउस में संवाददाताओं से कहा कि आज निषाद समाज जागरुक हो चुका है और वह जान चुका है कि कौन उसके हित की लड़ाई लड़ रहा है।
वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस ने हमेशा वोट की राजनीति की है। निषाद समाज के लिए धरातल पर कुछ भी नहीं किया। भाजपा निषाद समाज के लिए आरक्षण लागू करती है तो निषाद पार्टी भाजपा के साथ 2022 विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेगी।
सरकार को चाहिए कि जल्द ही आरक्षण लागू करे..
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आरक्षण लागू नहीं होने की दिशा में आगे का फैसला निषाद समाज के लोग लेंगे। “आरक्षण नहीं तो वोट नहीं” की पद्धति अब निषाद समाज की ओर से अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आरक्षण लागू होने पर अब निषाद समाज निषाद पार्टी के चुनाव चिन्ह के तले एकत्रित होकर चुनाव लड़ेगी। संजय ने कहा कि भाजपा आरक्षण नीति में सुधार करते हुए निषाद समाज को अनुसूचित जाति में आरक्षण नहीं देती तो निषाद पार्टी इतनी सबल है कि वह अकेले चुनाव लड़ सकती है। साथ ही कहा कि हमारे पास बटन की ताकत है, 18 फीसदी वोट है, हमें किसी की आवश्यकता नहीं होगी।
यदि भाजपा अपना आरक्षण का वायदा पूरा करती है तब किसी दूसरी राजनीतिक पार्टियों को चुनाव में जीत के लिए सपना देखना होगा। इसके अलावा संजय ने कहा कि अब निषाद समाज को शक्ति स्थायित्व की भूख है। यदि यह भूख शांति से नहीं मिटी तो लड़कर मिटा देगी। निषाद पार्टी के युवा वाहिनी की ओर से पूरे प्रदेश में जिाधिकारी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे। यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक राष्ट्रपति की ओर से दिए गये आदेश और भाजपा की तरफ से किए गये वादे को पूरा करते हुए निषाद समाज को अनुसूचित जाति आरक्षण में नहीं लाया जाता। उन्होंने कहा कि आगामी 21 नवंबर को लखनऊ में निषाद समाज प्रदर्शन रैली करेगी, जिसमें गृहमंत्री अमित शाह उपस्थित होंगे। निषाद पार्टी वहां गृहमंत्री से अंतिम निर्णय की उम्मीद करती है।
