बरेली: तीन वार्डों के सीमा विवाद में फंसी रोड बनी जी का जंजाल
बरेली, अमृत विचार। तीन वार्डों से जुड़ी जोगीनवादा और संजयनगर को मिलाने वाली सड़क का निर्माण कई साल से लटका हुआ है। कई जगहों पर रोड खस्ताहाल हो गई है। एक जगह पर कई मीटर रोड पर जलभराव की समस्या रहने से पूरा रोड उधड़ गया था तो वहां अस्थायी राहत के लिए मिट्टी डाल …
बरेली, अमृत विचार। तीन वार्डों से जुड़ी जोगीनवादा और संजयनगर को मिलाने वाली सड़क का निर्माण कई साल से लटका हुआ है। कई जगहों पर रोड खस्ताहाल हो गई है। एक जगह पर कई मीटर रोड पर जलभराव की समस्या रहने से पूरा रोड उधड़ गया था तो वहां अस्थायी राहत के लिए मिट्टी डाल दी गई है लेकिन रोड का नए सिरे से निर्माण अब तक नहीं हो सका है। इसलिए रोड पर चलना मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में कीचड़ व जलभराव से दो बड़े वार्डों के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। अब इस सड़क को बनाने के लिए तीनों वार्डों के पार्षदों ने मिलकर करीब 1.20 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार करके भेजा है। जनहित में इस रोड का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए जल्द ही मेयर व नगर आयुक्त से मिलकर बजट स्वीकृति जल्द कराने की पैरवी की जाएगी।
संजयनगर मेन रोड से दुर्गानगर मोड़ पर महंत की चक्की से होते हुए जोगीनवादा तक करीब दो किलोमीटर रोड की स्थिति बहुत ही जीर्णशीर्ण हो गई है। वार्ड-48 जोगीनवादा, वार्ड-14 ब्रह्मपुरा और वार्ड-65 सुरेश शर्मा नगर से होकर गुजरी इस सड़क का निर्माण सीमा विवाद की वजह से लटका हुआ था। चूंकि तीन वार्डों को जोड़ने के साथ ही संजयनगर मोड़ और जोगीनवादा को जोड़ने वाली यह सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस रोड पर हर दिन सैकड़ों की संख्या में वाहन चालकों और पैदल निकलने वालों को काफी दिक्कत होती है। लंबे समय से मरम्मत और नए सिरे से डामर की लेयर न बिछाए जाने से सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं।
इस रोड पर पानी की निकासी भी समस्या है। एक जगह पर तो कई मीटर रोड जलभराव होने से कट गया था। इसमें कई फुट तक पानी भर जाने से आए दिन दोपहिया सवार गिरकर घायल हुए। इस पर स्थानीय पार्षद नरेश पटेल ने कई ट्रॉली मिट्टी डलवाकर इसे चलने लायक बना दिया था लेकिन बरसात के मौसम में यहां पानी व कीचड़ की जबरदस्त समस्या बनी रही। रोड न बनने से लोगों को काफी परेशानी अभी भी झेलनी पड़ रही है। जनहित को देखते हुए अब जोगीनवादा की पार्षद सुधा शर्मा, सुरेश शर्मा नगर के पार्षद नरेश पटेल और ब्रह्मपुरा के पार्षद वीरेंद्र पटेल ने मिलकर संयुक्त प्रयास करके इस रोड को बनाने के लिए 1.20 करोड़ का प्रस्ताव नगर निगम को दिया है। पार्षदों का कहना है कि इस रोड का निर्माण कराया जाना बेहद जरूरी है। इस प्रस्ताव को पास कराने और सड़क का निर्माण कराने के लिए जल्द ही मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त अभिषेक आनंद से मिलकर दिक्कत बताई जाएगी।
