बरेली: छेड़छाड़ के आरोपियों ने पुलिस को पीटा, वर्दी फाड़ी
नवाबगंज, अमृत विचार। रोडवेज बस में पीलीभीत में तैनात महिला सिपाही के साथ छेड़छाड़ मामले में तहरीर न मिलने पर पुलिस ने शांति भंग की कार्रवाई कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया था। अब उन्हीं आरोपियों ने गश्त के दौरान उन्हीं पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने दो को …
नवाबगंज, अमृत विचार। रोडवेज बस में पीलीभीत में तैनात महिला सिपाही के साथ छेड़छाड़ मामले में तहरीर न मिलने पर पुलिस ने शांति भंग की कार्रवाई कर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया था। अब उन्हीं आरोपियों ने गश्त के दौरान उन्हीं पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने दो को मौके से गिरफ्तार कर लिया जबकि एक को उसके घर में दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि पुलिस पहले ही कार्रवाई करती तो पुलिसकर्मियों पर हमला नहीं होता।
दो दिन पहले बरेली से पीलीभीत जा रही एक महिला सिपाही के साथ कस्बे के कुछ युवाओं ने मारपीट व छेड़छाड़ की थी। महिला सिपाही और रोडवेज बस परिचालक ने थाने जाकर इसकी तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने आसिफ और अरमान को गिरफ्तार कर लिया था। महिला सिपाही के पीलीभीत चले जाने के बाद पुलिस ने तहरीर न मिलने की बात कहते हुए आरोपियों से रुपये लेकर आसिफ और अरमान का शांति भंग में चालान कर दिया। मामला अखबारों में प्रकाशित होने के बाद थाना पुलिस को आला अधिकारियों की फटकार झेलनी पड़ी।
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात चीता मोबाइल के सिपाही प्रशांत कुमार और विक्रांत मलिक कस्बे में गस्त कर रहे थे। इसी बीच बाईपास रोडवेज स्टेंड के पास तीन युवक सड़क की ओर मुंह करके पेशाब कर रहे थे। इससे आने-जाने वाले लोग परेशान हो रहे थे। जब दोनों सिपाहियों ने उनसे मना किया तो उन्होंने उनके साथ गाली गलौज की और मारपीट करने लगे। उनकी वर्दी फाड़ दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने पुलिस को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। दोनों पुलिस कर्मियों ने आसिफ और अरमान को मौके पर पकड़ लिया जबकि दानिश भाग गया।
पुलिस ने दबिश देकर तीसरे आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। सिपाही प्रशांत कुमार की ओर से इस मामले में अरमान, आसिफ, दानिश निवासी कहारान कस्बा के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मंगलवार को पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के साथ कुछ लडकों ने मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी। इसके बाद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें जेल भेज दिया गया है। -राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात
