14 नवम्बर से कांग्रेस शुरू करेगी ‘भाजपा भगाओ-महंगाई हटाओ’ पदयात्रा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। 14 नवम्बर से कांग्रेस पार्टी ‘महंगाई हटाओ प्रतिज्ञा पदयात्रा’ का आयोजन करेगी। 24 नवम्बर तक चलने वाली यह पदयात्रा प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में निकाली जाएगी। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पंकज तिवारी ने बुधवार को बताया कि यात्रा का मुख्य नारा ‘भाजपा भगाओ- महंगाई हटाओ’ है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों और जन …

लखनऊ। 14 नवम्बर से कांग्रेस पार्टी ‘महंगाई हटाओ प्रतिज्ञा पदयात्रा’ का आयोजन करेगी। 24 नवम्बर तक चलने वाली यह पदयात्रा प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में निकाली जाएगी। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पंकज तिवारी ने बुधवार को बताया कि यात्रा का मुख्य नारा ‘भाजपा भगाओ- महंगाई हटाओ’ है।

भाजपा सरकार की गलत नीतियों और जन विरोधी कार्यों व चंद उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुंचाने की नीयत के कारण देश-प्रदेश की आर्थिक स्थिति बदहाल हो चुकी है। इसके अलावा मंहगाई चरम पर है, खाद्य पदार्थों जैसे सब्जियां, तेल, राशन, इत्यादि सभी ऐतिहासिक रिकार्ड स्तर पर मंहगें हैं, तो डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों ने आम आदमी को बेहाल कर दिया है। डीजल के दाम बढ़ने से तमाम वस्तुओं की ढुलाई दर बढ़ जाने के कारण मंहगाई आसमान पर है।

साथ ही कृषि उपकरण, कीटनाशक, खाद, बीज, पानी सभी कीमतों में बेतहाशा वृद्धि ने कृषि लागत कई गुना बढ़ा दिया है। उत्तर प्रदेश में बिजली पूरे देश में सबसे मंहगी है। उन्होंने कहा कि मंहगाई का रिकार्ड बना चुकी मोदी, योगी सरकार की गरीब और आमजनों के प्रति संवेदनहीनता को संज्ञान में लेते हुए कांग्रेस इस यात्रा का आयोजन कर रही है। इस यात्रा के माध्यम से मंहगाई के खिलाफ जनता के साथ मिलकर सरकार पर मंहगाई पर रोक लगाने और जन विरोधी नीतियों में परिर्वतन करने का दबाव बनायेगी। प्रत्येक विधानसभा में प्रतिदिन कम से कम 10 किलोमीटर की पदयात्रा सुनिश्चित की जाएगी।

प्रत्येक दिन यह पदयात्रा न्यूनतम सात ग्राम सभाओं/वार्डों में की जायेगी। यात्रा के दौरान मंहगाई की मौजूदा स्थिति पर ग्रामीणों के साथ बैठक कर कांग्रेस प्रतिज्ञा पत्र का प्रत्येक घर में वितरण किया जायेगा। वहीं, पूरे प्रदेश में 32, 240 किलोमीटर की पदयात्रा, 24,180 ग्राम सभा स्तरीय बैठक और 5000 नुक्कड़ सभाओं का आयोजन होगा। यात्रा का रूट तय करने की जिम्मेदारी जिला अध्यक्ष व शहर अध्यक्ष को दी गयी है। जिसके लिए 10 नवम्बर, 11 नवम्बर और 12 नवंबर को तैयारी बैठकर यात्रा को सुचारू तरीके से सम्पन्न कराने के लिए कार्य वितरण और जिम्मेदारी तय की जायेगी।

संबंधित समाचार