बाराबंकी: पुलिस के हत्थे चढ़े मासूम बालक के अपहरणकर्ता, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। जिले में दस दिन पहले दिनदहाड़े किये गये तीन वर्षीय मासूम बालक के अपहरण के मामले में पुलिस ने सफलता हासिल की है। घटना में शामिल एक किशोरी सहित दो लोगों को थाना प्रभारी ने गिरफ्तार भी किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए दोनों को जेल भेज दिया है। जानकारी अनुसार, बीते 3 …

बाराबंकी। जिले में दस दिन पहले दिनदहाड़े किये गये तीन वर्षीय मासूम बालक के अपहरण के मामले में पुलिस ने सफलता हासिल की है। घटना में शामिल एक किशोरी सहित दो लोगों को थाना प्रभारी ने गिरफ्तार भी किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए दोनों को जेल भेज दिया है।

जानकारी अनुसार, बीते 3 नवंबर की सुबह थाना घुंघटेर क्षेत्र के ग्राम छिलगवां निवासिनी भारती देवी पत्नी मन्ना लाल का तीन वर्षीय मासूम पुत्र राजू घर के बाहर खेलते समय संदिग्ध अवस्था में लापता हो गया था। परिजनों ने जब इसकी तलाश की तो कहीं पता नहीं चला। आखिरकार देर शाम भारती देवी ने थाना घुंघटेर जाकर अपने बेटे की अपहरण की तहरीर दी थी। थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने धारा 363 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरु कर दी थी।

पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बीती 4 नवम्बर को ही राजू को बरामद कर लिया था। लेकिन जिन लोगों ने राजू का अपहरण किया था। वह पुलिस पकड़ से दूर थे। शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी ने जनपद फतेहपुर के थाना कल्याणपुर के ग्राम रामपुर निवासी अजय उर्फ सोनू पुत्र हजारी लाल और कोतवाली बड्डूपुर के ग्राम ओझियापुर निवासिनी कु रुबी पुत्री अनिल रावत को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बारे में थाना प्रभारी ने बताया कि रुबी और अजय के मध्य पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रुबी ने ही अपनी मामी के बेटे राजू के अपहरण की साजिश रची थी। जिसका कारण यह था कि रुबी अपनी मामी की जमीन हड़पना चाहती थी। थाना प्रभारी ने रुबी और उसके प्रेमी को धारा 363, 364 के तहत जेल भेज दिया।

संबंधित समाचार