बरेली: खुदाई का विरोध कर रहे दुकानदारों से भिड़े ठेकेदार के लोग
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों को लेकर एक तो देरी से लोग परेशान हैं, उस पर ठेकेदारों की मनमानी और ज्यादा भारी पड़ रही है। बुधवार रात सिविल लाइंस में हिंद टॉकिज के पास फुटपाथ बनाने के लिए ठेकेदार के लोगों ने दुकानों के आगे मनमाने तरीके से खुदाई कर दी। इतना …
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों को लेकर एक तो देरी से लोग परेशान हैं, उस पर ठेकेदारों की मनमानी और ज्यादा भारी पड़ रही है। बुधवार रात सिविल लाइंस में हिंद टॉकिज के पास फुटपाथ बनाने के लिए ठेकेदार के लोगों ने दुकानों के आगे मनमाने तरीके से खुदाई कर दी। इतना ही नहीं, दुकान-कॉम्प्लेक्स में जाने के लिए बनाए गए रास्तों को भी खोद दिया। दुकानदारों ने विरोध किया तो ठेकेदार के लोग उनसे भिड़ गए। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें देख लेने की तक की धमकी दे दी गई। सुबह स्थानीय पार्षद के साथ तमाम दुकानदारों ने नगर आयुक्त से मिलकर घटना पर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद काम को फिलहाल बंद करा दिया गया है।
चौकी चौराहा से पटेल चौक के बीच इन दिनों स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नाला निर्माण सहित कई कार्य चल रहे हैं। बताते हैं कि बुधवार की रात हिंद टॉकिज के पास चौकी चौराहा की ओर फुटपाथ बनाने के नाम पर करीब चार से पांच फुट तक दुकानों के आगे खुदाई कर दी गई। इसकी जानकारी जब दुकानदारों को लगी तो वे रात करीब 12:30 बजे ही मौके पर पहुंच गए और दुकानदारों के आगे चल रही खुदाई का विरोध किया।
दुकानदारों का कहना था कि फुटपाथ बनाने के लिए इतनी गहराई का कोई मतलब नहीं है। ऊपर से मनमाने तरीके से दुकानों-कॉम्प्लेक्स तक जाने के लिए बनाई गई सीढ़ियों आदि को भी तोड़ दिया गया है। इससे तो पूरा कारोबार की चौपट हो जाएगा। दुकानदारों का आरोप है कि स्मार्ट सिटी कंपनी का एक वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद था लेकिन समस्या का समाधान करने के बजाय उल्टे ठेकेदार के लोग दुकानदारों के विरोध पर उग्र हो गए और वे भिड़ने की कोशिश करने लगे।
बताते हैं कि दुकानदारों को देख लेने की भी धमकी दे दी गई। इसके बाद दुकानदार वापस चले गए लेकिन अगली सुबह गुरुवार को सिविल लाइंस के स्थानीय पार्षद राजेश अग्रवाल के साथ तमाम दुकानदार नगर निगम पहुंचे और उन्होंने नगर आयुक्त अभिषेक प्रकाश को पूरी घटना से अवगत कराया।
दुकानदारों का कहना था कि एक जगह पहले पूरा करने के बाद ही अगला काम शुरू हो। साथ ही जनता का भी ख्याल रखा जाए। पार्षद ने भी दुकानदारों के साथ अभद्रता और ठेकेदारों की मनमानी को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद नगर निगम के निर्माण विभाग के इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने फिलहाल खुदाई के काम को रुकवा दिया है।
रामपुर गार्डन में तीन महीने से ठप हैं काम
पार्षद राजेश अग्रवाल ने नगर आयुक्त से यह भी शिकायत की कि रामपुर गार्डन में भी स्मार्ट सिटी के तहत कई करोड़ के काम होने हैं। इसमें सड़कों के निर्माण कार्य खास तौर से शामिल हैं लेकिन ठेकेदार की मनमानी से करीब तीन महीने से काम ठप पड़ा हुआ है। इससे जनता को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। नगर आयुक्त से जनहित में इन कामों को यथाशीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया गया है।
हिंद टॉकिज के पास फुटपाथ बनाने के नाम पर दुकानदारों के आगे पांच से छह फुट तक गहरी खुदाई कर दी गई है। दुकानदारों के मना करने पर उनसे अभद्रता भी हुई है। इसकी शिकायत नगर आयुक्त से मिलकर की गई है। -राजेश अग्रवाल, पार्षद
