बरेली: पीडब्ल्यूडी को नहीं मिला बजट, बीडीए बनाएगा सिटी स्टेशन रोड
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली-लखनऊ हाईवे को जोड़ने वाली शहर के बीच से निकली सिटी स्टेशन रोड पर गड्ढों की मरम्मत न होने से वे दिन-ब-दिन खतरनाक होते जा रहे हैं। वैसे यह सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की है और विभाग रजऊ परसपुर से पटेल चौक व सिटी स्टेशन होते हुए परसाखेड़ा तक सड़क के …
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली-लखनऊ हाईवे को जोड़ने वाली शहर के बीच से निकली सिटी स्टेशन रोड पर गड्ढों की मरम्मत न होने से वे दिन-ब-दिन खतरनाक होते जा रहे हैं। वैसे यह सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की है और विभाग रजऊ परसपुर से पटेल चौक व सिटी स्टेशन होते हुए परसाखेड़ा तक सड़क के रिन्यूवल के लिए करीब 24 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था लेकिन इसकी स्वीकृति न मिलने से महत्वपूर्ण सड़क दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। इसलिए अब इस सड़क को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बनाने का बीड़ा उठाया है।
रामगंगानगर परियोजना से अच्छी कमाई के बाद बीडीए के पास अब बजट की भी कोई दिक्कत नहीं रही है। इसलिए लंबे समय से खस्ताहाल पड़ी सिटी स्टेशन सड़क के जल्द ही चमक जाने की उम्मीद जगी है। पीडब्ल्यूडी के स्वामित्व वाली यह सड़क चौपला पुल से होते हुए सिटी स्टेशन से दूल्हे मियां की मजार होते हुए किला पुल की सड़क और दिल्ली हाईवे रोड स्थित स्वाले नगर मिनी बाईपास की सड़क जगह-जगह से टूट गई है।
सिटी स्टेशन के सामने जानलेवा गड्ढे हो जाने और जलभराव के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। शहर की प्रमुख सड़क होने की वजह से यहां हर समय ट्रैफिक लगा रहता है लेकिन सड़क के जर्जर होने से इस पर आएदिन हादसे होते रहते हैं।
इस सड़क का नवीनीकरण पिछले साल ही होना था लेकिन बजट न होने से पीडब्ल्यूडी इस काम को अब तक नहीं करा सका है, जबकि इसके लिए पीडब्ल्यूडी 24 करोड़ का इस्टीमेट शासन को मंजूरी के लिए काफी पहले ही भेज चुका है। इसलिए अब इस सड़क का निर्माण करने का बीड़ा बीडीए उठाने जा रहा है।
प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता राजीव दीक्षित ने बताया कि बीडीए ही अब इन सड़क का निर्माण करने जा रहा है। मिनी बाईपास से सड़क का कुछ हिस्सा प्राधिकरण ने अपने बजट से पहले ही बनवा दिया था, क्योंकि रोड पीडब्ल्यूडी की है, इसलिए उनकी अनुमति के बाद ही सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
पीडब्ल्यूडी ने इस सड़क को दुरुस्त कराने के लिए इस्टीमेट भेजा है लेकिन शासन से अब तक बजट नहीं मिला है। इस सड़क का निर्माण बीडीए से कराने के लिए उसे पत्र भेजा जा चुका है। -मुस्तेहसन निसार, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी
