मुरादाबाद: नींद आने पर टेम्पो से गिरी महिला कलाकार की मौत
ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। जागरण कर सोमवार सुबह अपनी मंडली के साथ घर लौट रही युवती की नींद में टेंपो से गिरकर मौत हो गई। जनपद रामपुर के थाना दढ़ीयाल के गांव फत्ताबाला निवासी रूपाली ( 18 ) पुत्री प्रमोद कुमार जागरण मंडली में भजन गाने का काम करती थी। रविवार की रात को वह डिलारी …
ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। जागरण कर सोमवार सुबह अपनी मंडली के साथ घर लौट रही युवती की नींद में टेंपो से गिरकर मौत हो गई। जनपद रामपुर के थाना दढ़ीयाल के गांव फत्ताबाला निवासी रूपाली ( 18 ) पुत्री प्रमोद कुमार जागरण मंडली में भजन गाने का काम करती थी। रविवार की रात को वह डिलारी में आयोजित देवी के जागरण में अपनी मंडली के साथ आई थी।
सोमवार को जागरण का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह मंडली के साथ सुरजननगर डिलारी मार्ग से टेम्पो से वापस लौट रही थी। मार्ग पर स्थित गांव लालापुर पीपलसाना के पास उसे तेज नींद का झोंका आया। जिस पर वह टेम्पो से सड़क पर गिर गई। उसके सिर में गंभीर चोट आई।
टेंपो चालक काशीपुर निवासी विजेंद्र उसे इलाज के सुरजननगर के निजी चिकित्सक के यहां ले गया, वहां उसे होश नहीं आया। उसके बाद रूपाली को लेकर नगर के सरकारी अस्पताल में पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर परिजन भी वहां आ गए।
पुलिस ने भी अस्पताल की सूचना पर मामले की जांच की, लेकिन परिजनों ने कानूनी कार्रवाई और शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। बाद में परिजन शव को बिना किसी कार्रवाई के घर ले गए।
