संभल : करंट की चपेट में आने से मां बेटे की मौत, ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। जुनावई थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में सिचाई कर रहे मां-बेटे हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को वहां से उठवाने …

संभल, अमृत विचार। जुनावई थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में सिचाई कर रहे मां-बेटे हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को वहां से उठवाने से इनकार कर दिया। इस दौरान उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। बाद में एसडीएम द्वारा कार्रवाई का आश्वासन देने पर वे शांत हुए, तब शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

क्षेत्र के बंदरई गांव निवासी 28 वर्षीय जयपाल पुत्र अजयवीर तथा उसकी मां सोमवती मंगलवार को खेत की सिंचाई कर रहे थे। जगपाल खेत में खड़े थे, जबकि उनकी मां उनसे दूर खेत के किनारे पर खड़ी थीं। खेत से होकर हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिसका खंभा उनके खेत में लगा हुआ है। जैसे ही पानी उस खंभे के पास पहुंचा, उसमें करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आकर वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। उनकी हालत देख मां रोती हुई उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ीं और खुद भी करंट की चपेट में आ गईं।

उधर मां-बेटे की चीख सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान दौड़ कर वहां पहुंचे, तब तक दोनों के प्राण पखेरू उड़ चुके थे। किसानों ने बिजली घर पर सूचना देकर आपूर्ति बंद करवाई। उसके बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर एसडीएम रामकेश सिंह, बिजली विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक हुई। उन्होंने शव नहीं उठने दिया। वे बिजली की लाइन खेतों से हटवाने की तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। उसके बाद पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

संबंधित समाचार