कानपुर में 2022 के चुनाव की दिखी आहट, विपक्ष पर जमकर गरजे नड्डा और योगी
कानपुर। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कानपुर में पार्टी के बूथ प्रबंधन पर जोर देते हुये कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर केन्द्र और राज्य सरकार के कामों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से हर घर और घर के हर सदस्य तक पहुंचने की अपील की। …
कानपुर। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कानपुर में पार्टी के बूथ प्रबंधन पर जोर देते हुये कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर केन्द्र और राज्य सरकार के कामों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से हर घर और घर के हर सदस्य तक पहुंचने की अपील की। नड्डा ने उत्तर प्रदेश में अपने प्रवास के दूसरे और अंतिम दिन कानपुर में किदवई नगर स्थित बाबा नामदेव गुरुद्वारा में मत्था टेक कर सिख समुदाय को साधने की कोशिश की।
गुरुद्वारा में नड्डा और योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की ओर से करतारपुर कॉरिडोर खोलने सहित सिख समुदाय के हित में किये गये कामों को गिनाया। इसके बाद नड्डा और योगी कानपुर में साकेत स्थित भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय सहित राज्य के आठ अन्य शहरों में नवनिर्मित कार्यालयों का डिजिटल उद्घाटन किया। इस अवसर पर नड्डा ने कांग्रेस और अन्य विरोधी दलों पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुये कहा है कि भाजपा ऐसी पार्टी नहीं है। जहां किसी कार्यकर्ता को संगठन में आगे बढ़ने के लिये किसी खास परिवार में जन्म लेना पड़े। उन्होंने कहा, “भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां सामने बैठा हुआ कर्यकर्ता कल को मंच पर प्रदेश का नेतृत्व कर सकता है। ये कांग्रेस पार्टी नहीं है, जहांपर आपको आगे बढ़ने के लिए एक परिवार में पैदा होना पड़ता है।
पढ़ें: उप्र में बसपा दोहरायेगी 2007 का चुनाव परिणाम: मायावती
इसके बाद नड्डा और योगी ने कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र के 22143 बूथ अध्यक्षों के साथ निराला नगर मैदान में आयोजित बैठक में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बूथ पर भाजपा की मजबूती पूरे प्रदेश में पार्टी को मजबूत बनाती है। इसलिये बूथ ही भाजपा की असली ताकत है। उन्होंने कहा, “भाजपा को छोड़कर किसी भी पार्टी की कोई विचारधारा नहीं है। हमारी विचारधारा राष्ट्रवादी है, अन्य पार्टियों की विचारधारा वंशवाद है। हमारी विचारधारा राष्ट्रवादी है, उनकी विचारधारा खुद का विकास है।
नड्डा ने विरोधी दलों के परिवारवाद पर हमला बोलते हुये कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद में विश्वास करती है। जबकि बाकी दलों का विश्वास भाई-भतीजा चाचा-भांजा पर टिका है। उन्होंने कहा कि भाजपा में बूथ पर काम करने वाले कार्यकर्ता ही आगे चलकर मंच पर बैठते हैं। जबकि दूसरे दलों के पास मैं और मेरा बेटा के बाद बात खत्म हो जाती है। सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुये नड्डा ने कहा, “पहले तो चाचा का भी ख्याल होता था, लेकिन अब वह भी छोड़ दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में विपक्ष पर खासकर सपा और ओवैसी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राज्य में विधानसभा चुनाव को देखते हुये सामाजिक सौहार्द के माहौल को खराब करने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटने की चेतावनी देते हुये आगाह किया है कि उनकी सरकार, माहौल खराब करने वालों से बखूबी निपटना जानती है।
