नये वैरिएंट से सतर्क यूपी में बढ़ेगी कोविड टीकाकरण की रफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। दक्षिण अफ्रीका समेत कुछ अन्य देशों में कोरोना के नये वैरिएंट से संक्रमित मरीजों के मिलने से सतर्क उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में कोविड टीकाकरण की रफ्तार और तेज करने के निर्देश दिये हैं। कोविड टीकाकरण के मामले में देशभर में अव्वल घनी आबादी वाले उत्तर प्रदेश में चार करोड़ …

लखनऊ। दक्षिण अफ्रीका समेत कुछ अन्य देशों में कोरोना के नये वैरिएंट से संक्रमित मरीजों के मिलने से सतर्क उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में कोविड टीकाकरण की रफ्तार और तेज करने के निर्देश दिये हैं। कोविड टीकाकरण के मामले में देशभर में अव्वल घनी आबादी वाले उत्तर प्रदेश में चार करोड़ 95 लाख से अधिक लोगों ने टीके की दोनों खुराक प्राप्त कर ली है।

योगी ने मंगलवार को कहा कि विश्व के अनेक देशों में नए वैरिएंट के संक्रमित मिलने की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में हमें बहुत सतर्कता-सावधानी की जरूरत है। दूसरे देशों और प्रदेशों से उत्तर प्रदेश आ रहे हर व्यक्ति की जांच जरूर की जाए। साथ ही बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन व एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है, बिना किसी की जांच किए उसे बाहर न आने दिया जाए। केंद्र सरकार की तरफ से गाइडलाइंस को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट को लेकर शासन की ओर से जीनोम सिक्वेंसिंग की व्यवस्था करने के मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं।

पढ़ें: फतेहपुर: शादी महोत्सव में जमकर हुई मारपीट, टूटी कुर्सियां, मची भगदड़, जानें वजह?

उन्होंने कहा कि लखनऊ के केजीएमयू , पीजीआई, गोरखपुर, झांसी, मेरठ में जल्द से जल्द जीनोम सीक्वेंसिंग की व्यवस्था की जाए। नगर विकास और ग्राम्य विकास विभाग प्रदेश में स्वच्छता और सैनिटाइजेशन की कार्रवाई को तेज करें। प्रदेश में निगरानी समितियों को सक्रिय करें। ताकि कोविड से संक्रमित व्यक्तियों की समय से पहचान हो जाए और उनका समय पर इलाज हो सके। अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने बताया कि प्रदेश में चार करोड़ 95 लाख से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज देकर कोविड का सुरक्षा कवर प्रदान कर दिया गया है। 11 करोड़ 16 लाख लोगों ने टीके की पहली डोज प्राप्त कर ली है।

यह संख्या टीकाकरण के लिए पात्र प्रदेश की कुल आबादी की लगभग 75.71 फीसदी से अधिक है। इस प्रकार प्रदेश में अब तक 16 करोड़ 11 लाख से अधिक कोविड वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। कोविड टेस्टिंग और टीकाकरण में उत्तर प्रदेश देश में शीर्ष स्थान पर है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कोविड टीकाकरण को और तेज करने के लिए ठोस प्रयास करने के निर्देश दिये हैं। प्रदेश में घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जायेगा।

जबकि अब तक पहली डोज न पाने लेने वालों की अलग सूची तैयार की जायेगी। वहीं जिनका दूसरा डोज ओवरड्यू हो गया हो उनकी पृथक सूची बनाई जायेगी। साथ ही दिव्यांग, अक्षम, निराश्रित, वृद्ध जनों से संपर्क कर उनका टीकाकरण किया जायेगा। इसके लिये सीएमओ स्तर से ग्राम प्रधानों, पार्षदों का सहयोग लिया जायेगा। पिछले 24 घंटों में हुई एक लाख 26 हजार 55 सैम्पल की जांच में कुल 12 संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में नौ संक्रमित कोरोना मुक्त भी हुए। आज प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस की संख्या 89 है। कोविड पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए सावधानी और सतर्कता जरूरी है।

संबंधित समाचार