लखीमपुर-खीरी: सामूहिक विवाह समारोह में होगी 700 बेटियों की शादी
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। जिले में सात सौ बेटियों की शादी शासन से कराई जाएगी। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी है। सामूहिक विवाह का आयोजन पांच दिसंबर को जिले के सभी ब्लाक मुख्यालयों पर किए जाएंगे। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने सामान खरीद के लिए क्रय समिति का गठन …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। जिले में सात सौ बेटियों की शादी शासन से कराई जाएगी। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी है। सामूहिक विवाह का आयोजन पांच दिसंबर को जिले के सभी ब्लाक मुख्यालयों पर किए जाएंगे। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने सामान खरीद के लिए क्रय समिति का गठन कर दिया है। सभी ब्लाक मुख्यालयों को तैयारियों के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
शासन स्तर से समाज के हितों के कार्यों की श्रंखला में गरीब बेटियों की शादी कराई जाती है। इसके लिए इसबार पांच दिसंबर को प्रत्येक ब्लाक मुख्यालय पर आयोजन कराया जाएगा। इसबार सामूहिक विवाह में विभिन्न धर्मों के 700 गरीब परिवारों की शादियां कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए अभी तक 650 पंजीकरण हो चुके हैं। लगभग 50 लोगों के पंजीकरण और किए जाने हैं।
पंजीकरण सभी ब्लाकों और नगर पालिका में किए जा रहे है। निर्धारित लक्ष्य चार दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। शादियों के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। आवश्यक सामान आदि की खरीदारी भी शुरू करा दी गई है। पंडित आदि की व्यवस्था भी लगभग हो चुकी है। कुछ शादियां गायत्री परिवार के परिब्राजक कराएंगे। इसके अलावा अलग-अलग धर्मों के अनुसार उस धर्म से संबंधित धर्मगुरू कराएंगे। इन सबके लिए भी तैयारी शुरू कर दी गई है।
सामान खरीदारी के लिए गठित की क्रय समिति
सामूहिक विवाह में शादी के बाद विवाहित जोड़ों को आवश्यक सामग्री दी जाएगी। इसमें बर्तन, कपड़े और विवाहित से संबंधित ज्वैलरी जैसे बिछिया, पायल, चूड़ी और सिंदूर आदि दिया जाएगा। इसके अलावा विवाहित जोड़ों को जीवन में जो आवश्यक चीजों की जरूरत पड़ती है। वे सभी इन विवाहित जोड़ों को दी जाएगी। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इसके लिए क्रय समिति ने खरीदारी शुरू कर दी है। दो दिन में खरीदारी का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
51 हजार आएगा एक शादी में खर्च
जिले में सामूहिक विवाह में प्रति शादी 51 हजार का खर्च आएगा। शासन से जो व्यवस्था की गई है। उसके अनुसार इसमें से 35 हजार रुपये की धनराशि लड़की के खाते में डाल दी जाएगी। दस हजार रूपये का वह सामान खरीदा जाएगा जो विवाहित जोड़ों को दिया जाएगा। इसमें बर्तन कपड़े आदि सामग्री शामिल है। इसके अलावा छह हजार रुपये प्रति शादी आयोजन पर खर्च किया जाएगा। इसमें भी खाने आदि के अलावा चाय नाश्ता टेंट आदि पर खर्च किया जाएगा।
