बरेली: विवि में सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियां शुरू
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रथम वर्ष की सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। जनवरी में होने वाली परीक्षाओं के लिए परीक्षकों के पैनल तैयार किए जाएंगे। कुलसचिव डा. राजीव कुमार ने सभी संयोजकों व सदस्यों को बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक के निर्देश दिए हैं। बैठक में इसका निर्णय …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रथम वर्ष की सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। जनवरी में होने वाली परीक्षाओं के लिए परीक्षकों के पैनल तैयार किए जाएंगे। कुलसचिव डा. राजीव कुमार ने सभी संयोजकों व सदस्यों को बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक के निर्देश दिए हैं। बैठक में इसका निर्णय लिया जाएगा कि किस तरह का प्रश्नपत्र तैयार किया जाए। उन्होंने बैठकों की तिथि निर्धारित कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
नई शिक्षा नीति के तहत इस बार स्नातक प्रथम वर्ष में सेमेस्टर प्रणाली के तहत पढ़ाई हो रही है। इसके तहत मिड टर्म की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। महाविद्यालयों को इन परीक्षाओं का आयोजन कर अंक 20 दिसंबर तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने हैं। इसके बाद जनवरी 2022 में सेमेस्टर परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। इन्हीं परीक्षाओं को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके अलावा भी अन्य कई पाठ्यक्रमों में पहले से ही सेमेस्टर परीक्षाएं होती हैं।
इनकी भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। सेमेस्टर परीक्षाओं से पहले स्नातक द्वितीय व तृतीय व परास्नातक अंतिम वर्ष की सुधार परीक्षाएं होंगी। इसका प्रस्तावित कार्यक्रम भी विश्वविद्यालय ने जारी कर दिया है। ऐसे में साफ है कि आने वाले दिनों में लगातार परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। उसके बाद मुख्य परीक्षा की तैयारियां भी शुरू हो जाएंगी।
