मुरादाबाद : आज से प्रदेशस्तरीय घुड़सवारी प्रतियोगिता, सात टीमें ही लेंगी भाग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में मंगलवार से प्रदेशस्तरीय घुड़सवारी प्रतियोगिता की शुरुआत होगी। मुख्य अतिथि डीआईजी शलभ माथुर प्रतियोगिता का उद्‌घाटन करेंगे। पहले दिन मार्च पास्ट के साथ खिलाड़ियों को खेल भावना व अनुशासन की शपथ दिलाई जाएगी। मंगलवार से चार दिनों के लिए शुरू होने वाली प्रतियोगिता में अब 12 …

मुरादाबाद, अमृत विचार। डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में मंगलवार से प्रदेशस्तरीय घुड़सवारी प्रतियोगिता की शुरुआत होगी। मुख्य अतिथि डीआईजी शलभ माथुर प्रतियोगिता का उद्‌घाटन करेंगे। पहले दिन मार्च पास्ट के साथ खिलाड़ियों को खेल भावना व अनुशासन की शपथ दिलाई जाएगी। मंगलवार से चार दिनों के लिए शुरू होने वाली प्रतियोगिता में अब 12 के बजाए सात टीमें हिस्सा लेंगी।

सोमवार को सभी टीमों के खिलाड़ियों ने रिहर्सल की। वहीं, ईएफआई दिल्ली से निर्णायक मंडल की तीन सदस्यीय टीम भी सोमवार की देर शाम अकादमी पहुंच जाएगी। कांठ रोड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में हर वर्ष प्रदेशस्तरीय घुड़सवारी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। हालांकि 2020 में कोरोना के कारण प्रतियोगिता स्थगित की गई थी।

इस वर्ष भी कोरोना के कारण प्रतियोगिता के आयोजन में संशय था पर बाद में अकादमी के अधिकारियों ने प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया। मंगलवार को घुड़सवार मैदान में 23वीं वार्षिक उत्तर प्रदेश पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता 2021 का उद्‌घाटन किया जाएगा। इसको लेकर अकादमी के अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले प्रतियोगिता में 12 टीमें हिस्सा ले रही थीं, लेकिन अब पुलिस अकादमी के अलावा बरेली, अलीगढ़, लखनऊ, मेरठ, इलाहाबाद और आगरा की टीम ही हिस्सा लेगी। जबकि सीतापुर, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर व अयोध्या की टीम ने किन्हीं कारणों से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से इंकार कर दिया है।

ईएफआई दिल्ली से आएगी निर्णायक मंडल की टीम
मंगलवार को मुख्य अतिथि डीआईजी शलभ माथुर प्रतियोगिता का उद्‌घाटन करेंगे। निर्णायक मंडल में ईएफआई दिल्ली से तीन सदस्यीय टीम आएगी। टीम में सेवानिवृत्त कर्नल सुशील बलवाड़ा, एकलव्य शर्मा व अभिषेक चोपड़ा रहेंगे। प्रतियोगिता की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रतिसार निरीक्षक प्रेम बाबू ने बताया कि उद्‌घाटन समारोह के बाद मार्च पास्ट किया जाएगा।

इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अनुशासन की शपथ दिलाई जाएगी। 10 दिसंबर को प्रतियोगिता के समापन के मौके पर अकादमी के एडीजी जयनारायण सिंह मुख्य अतिथि होंगे। उनकी मौजूदगी में ही फरवरी में गुजरात में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन किया जाएगा। सोमवार शाम सभी टीमों के खिलाड़ियों ने होने वाली रिहर्सल में भी हिस्सा लिया।

संबंधित समाचार