अमरोहा : पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़ में सिपाही घायल
अमरोहा/डिडौली, अमृत विचार। कोतवाली डिडौली क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम की बाइक सवार बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो थानों से वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। मुठभेड़ में एक सिपाही को भी गोली लगी है। पुलिस ने घायलों को …
अमरोहा/डिडौली, अमृत विचार। कोतवाली डिडौली क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम की बाइक सवार बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो थानों से वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। मुठभेड़ में एक सिपाही को भी गोली लगी है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
सोमवार की शाम डिडौली थाना प्रभारी रमेश सहरावत पुलिस टीम के साथ जोया-संभल रोड पर वाहन चैकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन वह पुलिस पर फायर करते हुए भागने लगे। बदमाश गांव कपासी के पास जंगलों में जाकर छिप गए और अपने आप घिरता देख पुलिस पर फायरिंग करने लगे। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो एक बदमाश रईस उर्फ बब्लू पुत्र कल्लू निवासी मंसूरपुर थाना असमौली के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ में एक सिपाही को भी गोली लगी गई। जबकि बदमाश का दूसरा साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मौके पर एएसपी चंद्रप्रकाश शुक्ला भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। फरार बदमाश को पकड़ने के लिए कांबिंग की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने घायल बदमाश से बाइक व तमंचा बरामद किया है।
एसपी पूनम ने बताया कि मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है जिस पर चोरी, गैंगस्टर, गोकशी, अवैध शस्त्र रखने, पुलिस मुठभेड़ समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश रईस उर्फ बब्लू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह थाना डिडौली और हसनपुर से वांछित चल रहा था। जिसको गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथी बदमाश की तलाश की जा रही है।
