बरेली: जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए लखनऊ भेजा गया एनआरआई युवक का सैंपल
बरेली, अमृत विचार। बीते दिनों ब्रिटिश पासपोर्ट पर पिता से मिलने आए एनआरआई की कोविड जांच रिपोर्ट में संक्रमण आने के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है। कैंट सदर बाजार में आया एनआरआई कोरोना के ओमिक्रोन वैरिएंट का शिकार तो नहीं, इसका पता लगाने के लिए सोमवार को जीनोम सिक्वेंसिंग कराने के …
बरेली, अमृत विचार। बीते दिनों ब्रिटिश पासपोर्ट पर पिता से मिलने आए एनआरआई की कोविड जांच रिपोर्ट में संक्रमण आने के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है। कैंट सदर बाजार में आया एनआरआई कोरोना के ओमिक्रोन वैरिएंट का शिकार तो नहीं, इसका पता लगाने के लिए सोमवार को जीनोम सिक्वेंसिंग कराने के लिए सैंपल लखनऊ स्थित केजीएमयू भेजा है।
इसकी रिपोर्ट आने पर ही कोरोना के वैरिएंट का पता चल सकेगा। वहीं, युवक के पिता में लक्षण न होने पर अभी तक विभागीय स्तर पर उनको स्वस्थ माना जा रहा हैं। स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम की ओर से लगातार संपर्क किया जा रहा है। आईडीएसपी प्रभारी डा. अनुराग गौतम ने बताया कि दो दिन बाद उनकी आरटी-पीसीआर जांच होगी। वहीं युवक के संपर्क में आए अन्य परिजनों की जानकारी भी लगातार जुटाई जा रही है।
ब्रिटेन पहुंचा युवक
सूत्रों के अनुसार एनआरआई के पिता की ओर से जानकारी जुटाने पर पता लगा कि बेटे से फोन पर बात करने कर बताया कि वह ब्रिटेन वापस पहुंच गया है। वह किस रिपोर्ट पर ब्रिटने गया, इसकी जांच की जा रही है।
एयरपोर्ट व निजी अस्पतालों में बढ़ी जांच
युवक के संक्रमित आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. आरएन गिरी बताया कि एयरपोर्ट पर सोमवार से शासन की ओर से फोकस सैंपलिंग कराई गई। इस दौरान एयरपोर्ट पर यात्रियों व एयरपोर्ट कर्मचारियों की जांच की गई। इसके साथ ही निजी अस्पतालों में भी आने वाले संदिग्ध मरीजों और उनके साथ आए लोगों के सैंपल लिए गए। हालांकि एंटीजन रिपोर्ट में कोई भी मामला संक्रमित नहीं मिला है।
जिले की सीमाओं के साथ ही एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सैंपलिग बढ़ा दी गई है। सोमवार को एंटीजन सैंपल में कोई पाजिटिव केस नहीं मिला। जांच जारी रहेगी। वहीं युवक के सैंपल को जीनोम सिक्वेंसिग के लिए लखनऊ भेज दिया गया है। -डा. अनुराग गौतम, प्रभारी, सर्विलांस सेल
