गोवा: एक और कांग्रेस विधायक का इस्तीफा, सदन में पार्टी सदस्यों की संख्या घटकर 3 हुई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पणजी। गोवा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और झटका देते हुए, पार्टी विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक ने मंगलवार को राज्य विधानसभा से अपना इस्तीफा दे दिया। इस साल अक्टूबर में, गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुइज़िन्हो फलेरियो ने कांग्रेस विधायक के रूप में इस्तीफा दे दिया था और बाद में ममता बनर्जी के …

पणजी। गोवा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और झटका देते हुए, पार्टी विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक ने मंगलवार को राज्य विधानसभा से अपना इस्तीफा दे दिया। इस साल अक्टूबर में, गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुइज़िन्हो फलेरियो ने कांग्रेस विधायक के रूप में इस्तीफा दे दिया था और बाद में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

नाइक के इस्तीफे के साथ, 40 सदस्यीय राज्य विधानसभा में कांग्रेस का संख्याबल घटकर तीन हो गया है। गोवा में पोंडा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले नाइक ने विधानसभा अध्यक्ष राजेश पाटनेकर को अपना इस्तीफा सौंपा। उनके साथ उनके दो बेटे भी थे, जो पिछले साल सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हुए थे।

नाइक ने अपना इस्तीफा सौंपने के बाद यहां संवाददाताओं से कहा कि मैंने इस्तीफा दे दिया। मैं आपको बता दूंगा कि आगे क्या योजना है।” सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोवा चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में दिन में नाइक के भाजपा में शामिल होने की उम्मीद है।

रवि नाइक के छोटे बेटे रॉय नाइक ने कहा कि उन्होंने अपने पिता से भाजपा में शामिल होने का अनुरोध किया है। राज्य के 2017 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस 17 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।

हालांकि, 13 सीटें जीतने वाली भाजपा ने तटीय राज्य में सरकार बनाने के लिए कुछ क्षेत्रीय संगठनों और निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ गठबंधन किया। तब से, कांग्रेस के कई विधायक पार्टी छोड़ कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।

यह भी पढ़े-

सेना ने नगारिकों की पहचान की जगह शवों को ‘छिपाने’ का किया प्रयास: नगालैंड गोलीबारी रिपोर्ट

संबंधित समाचार