बरेली: शासन तक पहुंचा मामला, गोदाम से कबाड़ उठाने पर लगाई रोक
बरेली, अमृत विचार। जलकल विभाग में 32 लाख के कबाड़ की बिक्री का मामला अब शासन तक पहुंच गया है। इसको लेकर नगर निगम में भी हलचल तेज हो गई है। मामला तूल पकड़ता देख मंगलवार को निगम के कार्यकारिणी सदस्यों ने मेयर डा. उमेश गौतम से मुलाकात की। जिसके बाद आनन-फानन में निगम प्रशासन …
बरेली, अमृत विचार। जलकल विभाग में 32 लाख के कबाड़ की बिक्री का मामला अब शासन तक पहुंच गया है। इसको लेकर नगर निगम में भी हलचल तेज हो गई है। मामला तूल पकड़ता देख मंगलवार को निगम के कार्यकारिणी सदस्यों ने मेयर डा. उमेश गौतम से मुलाकात की। जिसके बाद आनन-फानन में निगम प्रशासन की तरफ से गोदाम से उठने वाले कबाड़ के सामान पर रोक लगा दी गई है। मेयर ने अधिकारियों व कर्मचारियों से दो टूक कहा कि मामले की पूरी जांच पड़ताल होने पर भी गोदाम खोला जाएगा।
नगर निगम के जलकल विभाग के अफसरों की पिछले कुछ दिनों से खूब किरकिरी हो रही है। कबाड़ घोटाले का दामन पर लगा दाम अफसरों के छुटाए नहीं छूट रहा है। नगर निगम की कार्यकारिणी सदस्य उपसभापति संजय राय, मुनेंद्र यादव, राजकुमार गुप्ता, शमीम अहमद, कपिल कांत, अफरोज अहमद, तबस्सुम नफीस, मुकेश मेहरोत्रा, जुबैदा बी आदि ने जलकल विभाग के गोदाम में वर्षों से पड़े कबाड़ की नीलामी पर अधिकारियों की कार्यशौली पर सवाल उठाए।
आरोप लगाया कि कि सांठगांठ से नियम को ताक पर रख लाखों रुपये की कबाड़ की नीलामी कर दी। पूरे प्रकरण को इस तरह अंजाम दिया कि इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले की शिकायत कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री तक भेजी तो आनन फानन में अब गोदाम से उठने वाले कबाड़ पर रोक लगा दी।
यह है मामला
पिछले दिनों जलकल विभाग के गोदाम में सालों से डंप कबाड़ को नीलाम करने के लिए ई-टेंडर के जरिये निविदाएं निकाली गईं। इसके बाद दिल्ली की एक टीम ने कबाड़ के सामान का मूल्यांकन किया तो करीब 25 लाख रुपये मूल्य आंका गया। इसके बाद दो निविदाओं पर ही सारा सामान मात्र 32 लाख रुपये में नीलाम कर दिया गया। कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने इसका विरोध कर रहे हैं।
बोले- मेयर
कार्यकारिणी समिति के सदस्यों ने शिकायत की है। जिस पर मामले की जांच के लिए अधिकारियों से कह दिया गया है। इसके साथ ही जलकल विभाग के महाप्रबंधक से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है। साफतौर पर कह दिया गया है कि जब तक जांच पूरी नहीं होगी गोदाम से कबाड़ नहीं उठेगा। डा. उमेश गौतम, मेयर
नगरायुक्त बोले-
जलकल विभाग के गोदाम से कबाड़ बिक्री का मामला सामने आने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। इसके साथ ही कबाड़ उठाने को रोक दिया गया है। प्रकरण की जांच गोपनीय रूप से भी कराई जाएगी।
–अभिषेक आनंद, नगरायुक्त
