पीलीभीत: शातिर गाेमांस तस्कर रविया समेत तीन गिरफ्तार, मुठभेड़ का दावा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। बीसलपुर रोड पर हुई गोकशी की वारदात शाहजहांपुर के शातिर तस्कर रवि उर्फ रविया के गिरोह ने की थी। दोबारा तस्करों के सक्रिय होने की सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस ने दबिश दी। मुठभेड़ का दावा करते हुए सरगना समेत तीन तस्करों को धर दबोचा। उनके पास से तमंचा और गोकशी में प्रयुक्त …

पीलीभीत, अमृत विचार। बीसलपुर रोड पर हुई गोकशी की वारदात शाहजहांपुर के शातिर तस्कर रवि उर्फ रविया के गिरोह ने की थी। दोबारा तस्करों के सक्रिय होने की सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस ने दबिश दी। मुठभेड़ का दावा करते हुए सरगना समेत तीन तस्करों को धर दबोचा। उनके पास से तमंचा और गोकशी में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर तीनों को चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।

अभी कुछ दिन पहले ही सुनगढ़ी क्षेत्र में बीसलपुर रोड पर गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई थी। अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस तस्करों की सुरागरसी कर रही थी। इसी बीच बुधवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि बीसलपुर रोड पर कुछ तस्कर गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी।

आरोप है कि तस्करों ने पुलिस टीम को देखकर गोली चला दी। जिसके बाद टीम ने खुद का बचाव करते हुए तीन तस्करों को माैके से धर दबोचा। इसमें निगोही शाहजहांपुर का शातिर गोमांस तस्कर छाेटी मस्जिद तालगांव निवासी रवि उर्फ रविया भी हत्थे चढ़ गया। उसके दो अन्य साथी फरीदपुर बरेली के मेवा सरपापुर निवासी आरिफ और बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के मीरपुर वाहनपुर गांव निवासी जाने आलम भी पकड़े गए।

उनके पास से तीन तमंचे, कारतूस, छुरी, प्लास्टिक के कट्टे, गड़ासा, छुरी, रस्से, लकड़ी का गुटका बरामद हुए। आरोपियों पर पूर्व में हुई घटना का खुलासा किया गया। तीनों काे कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है। बता दें कि रविया शातिर गोमांस तस्कर है। यह लंबे समय से पीलीभीत में सक्रिय था।

पिछले साल भी कई गोकशी की घटनाओं में पुलिस उसकी तलाश करती रही, मगर हत्थे नहीं चढ़ सका था। उसके बाद बरेली पुलिस द्वारा पकड़े जाने की बात स्थानीय पुलिस ने बीते साल कही थी। सीओ सिटी सुनील दत्त ने बताया कि मुठभेड़ में गाेमांस तस्करों की गिरफ्तारी कर जेल भेजा गया है।

संबंधित समाचार