मुरादाबाद : घरों में रंगाई-पुताई के साथ केक बनाने के लिए फूलों के रस में भिंगोए जा रहे मेवे
मुरादाबाद, अमृत विचार। पीतल नगरी में ईसाई समुदाय के लोगों ने क्रिसमस की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्लम केक बनाने के लिए वाइन और फलों के रस में मेवे भिंगोए जा रहे हैं। घरों की सफाई, रंगाई-पुताई हो चुकी है। मिशन कंपाउंड व शहर के अन्य इलाकों में रह रहे परिवारों में इन दिनों …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पीतल नगरी में ईसाई समुदाय के लोगों ने क्रिसमस की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्लम केक बनाने के लिए वाइन और फलों के रस में मेवे भिंगोए जा रहे हैं। घरों की सफाई, रंगाई-पुताई हो चुकी है। मिशन कंपाउंड व शहर के अन्य इलाकों में रह रहे परिवारों में इन दिनों यीशु के स्वागत की तैयारियां चल रहीं हैं। परिवार में मेहमानों के स्वागत के लिए व्यंजनों की सूची तैयार की जा रही है।
उपहार की खरीदारी शुरू हो गई है। चर्चों में कार्यक्रम की रूपरेखा तय हो गई है। इसमें कैरल सिंगिंग, बोन फायर, कैंडल लाइट सर्विस आदि होंगे। 25 दिसंबर को क्रिसमस मनाया जाता है। चर्चों में रविवार से विशेष प्रार्थना शुरू हो गई है। इनमें मसीही समाज के सदस्य उत्साह से हिस्सा ले रहे हैं। कैरल गायन की टोलियां 13 दिसंबर के बाद से घर-घर जाएंगीं और प्रभु यीशु की महिमा के गीत गायेंगी। इधर, चर्चों में भी क्रिसमस कार्यक्रम तय हो गये हैं। इनमें बच्चे, युवा व बुजुर्ग हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम एक जनवरी तक होंगे।
फीलिप्स चर्च
पीलीकोठी स्थित फीलिप्स चर्च में 10 को कैरल प्रतियोगिता, 11 को उपहार अदला-बदली, 13 से 20 तक घरों में कैरल सिंगिग, 20 को नाटक प्रतियोगिता, 21 को क्रिसमस ट्री प्रतियोगिता, 23 को सजावट, 24 को बोन फायर, 25 को क्रिसमस की विशेष प्रार्थना होगी। फादर बृजेश मेनसेल के अनुसार एक जनवरी तक कई कार्यक्रम होंगे। सभी कार्यक्रमों में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा।
ओल्ड चर्च
टाउन हॉल स्थित ओल्ड सेंट्रल चर्च 12 को संडे स्कूल, 17 को कैंडल लाइट सर्विस, बोन फायर, 22 को चर्च की सजावट, 25 को क्रिसमस की विशेष प्रार्थना होगी। फादर रेव डेनियल मसीह ने बताया कि एक जनवरी को नववर्ष की आराधना व खेलकूद होंगे।
अपनों के लिए खुद तैयार कर रहे उपहार : फोटो
पीलीकोठी स्थित मिशन कंपाउंड निवासी ललित लोएल ने बताया कि इन दिनों उपहार तैयार करने में व्यस्त हैं। बाजार से उपहार की खरीदारी की है, लेकिन अपने हाथों से सुंदर उपहार बनाया जाए तो अपनापन बढ़ जाता है। जरूरतमंदों में लिए उपहार और सिक्के एकत्रित कर लिए हैं। बताया कि 35 वर्षों से बरेली स्थित कैंट बेकरी से केक मंगवाते हैं।
शॉपिंग और सजावट हुई शुरू: फोटो
सेमसन एसले ने बताया कि त्योहार के लिए शॉपिंग शुरू कर दी है। घर की सजावट, क्रिसमस ट्री सजाना काफी काम होता है। वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर सजावट कराते हैं। बताया कि घर में कई प्रकार के मीठे और नमकीन व्यंजन तैयार किए जाएंगे। बताया कि क्रिसमस को लेकर बेटी बहुत उत्सुक है। अभी से फरमाइशें शुरू हो गई हैं।
तैयार को लेकर बड़ी उत्सुकता : फोटो
आकाश ने बताया कि क्रिसमस को लेकर बहुत उत्साह है। पिछले वर्ष कोरोना के चलते पूर्ण रूप से चर्च में कार्यक्रम नहीं हो पाए थे। नाटक और झांकियां नहीं निकल पाईं थीं। इस बार धूमधाम से क्रिसमस मनाया जाएग। त्योहार को लेकर तैयारियां शुरू हो गईं हैं। सजावट के लिए बाजार से सामान लेकर आए हैं।
