रायबरेली: घर पर सो रही महिला पर फेंका गया एसिड, हालत गंभीर
रायबरेली। महिलाओं और युवतियों पर एसिड अटैक की घटना थम नहीं रही हैं। अगस्त में महराजगंज में एक युवती पर एसिड फेंका गया था जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वहीं ऊंचाहार के गंधपी मजरे रामसांडा गांव में बीती रात इसी तरह की घटना को अनजाम दिया गया। कमरे में सो रही …
रायबरेली। महिलाओं और युवतियों पर एसिड अटैक की घटना थम नहीं रही हैं। अगस्त में महराजगंज में एक युवती पर एसिड फेंका गया था जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वहीं ऊंचाहार के गंधपी मजरे रामसांडा गांव में बीती रात इसी तरह की घटना को अनजाम दिया गया। कमरे में सो रही महिला पर अज्ञात व्यक्ति ने तेजाब फेंक दिया। जिससे वह झुलस गई। महिला को गंभीर हालत में परिजन सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। महिला पर एसिड क्यों फेंका गया इसका कारण मालूम नहीं हो सका है।
गांव निवासी रामनेवाज की 46 साल की पत्नी सरस्वती शुक्रवार की रात कमरे को अंदर से बंद कर चारपाई पर सो रही थी। रात में करीब 11 बजे किसी व्यक्ति ने हैरतअंगेज ढंग से कमरे की बाहरी दीवार के छेद में रखे ईंट को निकालकर हाथ डालकर बिजली के बोर्ड से लाइट को बंद कर दिया। उसके बाद निशाना साध कर सरस्वती पर तेजाब फेंक दिया। महिला छटपटा कर चारपाई से उठी तो उसपर दोबारा तेजाब फेंका गया। जिससे महिला का दाहिना अंग पूरी तरह से झुलस गया।
पढ़ें- अखिलेश यादव आज ले रहे पार्टी कार्यालय पर आगामी चुनाव को लेकर अहम बैठक
वहीं चेहरा भी हलका झुलस गया। महिला के चीखने चिल्लाने पर परिजन जाग गए तथा उसे सीएचसी ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताते हैं कि महिला कुछ भी बता नहीं पा रही है। महिला के पति रामनेवाज ने बताया कि गांव में भी उसकी किसी व्यक्ति से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसके साथ ऐसा किसने और क्यों किया यह बात उसकी समझ में नहीं आ रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के साथ मौके पर पहुंचे , और उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली पहुंचकर मामले के बावत कोतवाल शिव शंकर सिंह से जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। उधर फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल से नमूना लिया है। मामले में अभी तक कोई तहरीर कोतवाली में नहीं दी गई है क्योंकि पीड़िता के परिजन जिला अस्पताल में है। कोतवाल शिव शंकर सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है । एसिड अटैक का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
कोई और था हमलावर का निशाना
सो रही महिला पर एसिड से हुए हमले के मामले में गुत्थी उलझी हुई है। पीड़ित परिवार की तरफ से अभी तक कोई संदेश नहीं जाहिर किया गया है। हमला करने वाला कौन था , उसने क्यों हमला किया ? अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। जिस महिला पर हमला हुआ है उसकी उम्र करीब 46 साल है। महिला के चार बेटियां है। जिसमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है , जबकि तीसरी बेटी अविवाहित है और घटना के समय वह भी उसी कमरे में दूसरी चारपाई पर सो रही थी , जिसमें उसकी मां पर हमला हुआ है। ऐसा अनुमान लगाया जाता है कि हमलावर के निशाने पर कोई और था और उसने गलती से महिला पर एसिड से हमला कर दिया है। फिलहाल पुलिस सभी विंदुओं पत गहराई से जांच कर रही है ।
ऊंचाहार में एसिड अटैक की तीसरी घटना
शुक्रवार की रात क्षेत्र के गांव गनपी मजरे राम सांडा गांव में महिला पर तेजाब फेंकने की घटना पहली नहीं है । इससे पहले भी क्षेत्र के दो गांवों में महिलाओं पर तेजाब से हमला हो चुका है । क्षेत्र के सवैया धनी गांव निवासी एक महिला के ऊपर तीन बार तेजाब से कथित रूप से हमला हो चुका है। 2017 में इस महिला पर गंगा गोमती एक्सप्रेस से सफर करते समय ट्रेन पर भी एसिड से हमला हुआ था। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात की थी। दूसरा मामला 2018 में क्षेत्र के पट्टी रहस कैथ वल गांव में हुआ था। स्कूल जा रही इंटर की एक छात्रा पर एक युवक ने तेजाब फेंक दिया था । मामले में आरोपित को गिरफ्तार किया गया था। पीड़िता अब स्वस्थ है। इसके बाद अब गनपी गांव महिला पर हमला हुआ है।
